हापुड़ में सिंभावली चीनी मिल संकट से हजारों परिवारों की रोजी-रोटी पर असर, टेंशन में किसान
सिंभावली चीनी मिल पर गहराया संकट हजारों परिवारों की रोजी-रोटी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। यह केवल गन्ना किसानों तक सीमित न रहकर परिवहन, छोटे कारोबार और बाजार की आर्थिक गतिविधियों पर भी असर डाल रहा है।

सिंभावली चीनी मिल। जागरण आर्काइव
HighLights
मिल संकट हजारों परिवारों की रोजी-रोटी पर सीधा असर डाल रहा।
गन्ना ढुलाई, छोटे कारोबारियों की आजीविका पर गंभीर प्रभाव।
क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसर संकट में पड़ गए।
ठाकुर डीपी आर्य, हापुड़। एक चीनी मिल का पहिया थमने का मतलब सिर्फ गन्ने की पेराई बंद होना नहीं, बल्कि उससे जुड़े हजारों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट आना भी है।
सिंभावली चीनी मिल पर मंडराते संकट ने अब किसानों के साथ-साथ उन लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है, जिनकी आजीविका प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से मिल की गतिविधियों-संचालन पर निर्भर है।
वहीं, मिल की बिक्री होने या लंबे समय तक बंद रहने की स्थिति में इसका असर केवल गन्ना किसानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि क्षेत्र के रोजगार, परिवहन, छोटे कारोबार और बाजार की आर्थिक गतिविधियों पर भी पड़ेगा। एक तरह से पूरी क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था की एक बड़ी कड़ी इस मिल से जुड़ी हुई है।
ढुलाई कारोबार पर पड़ेगा सीधा असर
चीनी मिल के संचालन में गन्ने की ढुलाई की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मिल पर गन्ना ढुलाई में 100 से ज्यादा ट्रक और करीब 300 ट्रैक्टर शामिल रहते थे। खेतों से मिल तक गन्ना पहुंचाने के लिए बड़ी संख्या में ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राली और अन्य वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है। इन वाहनों के संचालन से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक, परिचालक, कामगार और वाहन मालिकों की आमदनी का बड़ा हिस्सा गन्ना ढुलाई पर निर्भर रहता है। मिल की गतिविधियां प्रभावित होने से इन लोगों के सामने काम का संकट खड़ा हो गया है। यदि मिल का संचालन नियमित नहीं हुआ तो इन वाहनों को दूसरे काम की तलाश करनी पड़ेगी। कई वाहन मालिकों के सामने किस्त, डीजल और रखरखाव का खर्च निकालना भी चुनौती बन सकता है।
कामगारों और ठेकेदारों की बढ़ी चिंता
चीनी मिल में केवल 15 हजार स्थायी कर्मचारी ही काम नहीं करते, बल्कि बड़ी संख्या में करीब 35 हजार अस्थायी श्रमिक और ठेकेदारों के माध्यम से भी काम कराया जाता है। सफाई, मरम्मत, लोडिंग-अनलोडिंग, परिवहन और अन्य कार्यों में स्थानीय लोगों को रोजगार मिलता है। मिल की गतिविधियां ठप होने से इन कामगारों की आमदनी प्रभावित होती है।
ठेकेदारों के सामने भी काम और भुगतान से जुड़ी परेशानियां खड़ी हो सकती हैं। जिन परिवारों का खर्च मिल से मिलने वाली मजदूरी पर निर्भर है, उनके लिए रोजगार का संकट रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मुश्किल पैदा कर सकता है।
छोटे कारोबारियों की भी मिल पर निर्भरता
सिंभावली चीनी मिल के आसपास का बाजार भी काफी हद तक मिल की गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। यहां संचालित चाय-नाश्ते की दुकानें, ढाबे, किराना स्टोर, वाहन मरम्मत केंद्र, स्पेयर पार्ट्स की दुकानें और अन्य छोटे व्यवसाय मिल में आने वाले कर्मचारियों, किसानों, चालकों और व्यापारियों के कारण चलते हैं।
मिल की गतिविधियां कम होने पर इन दुकानों पर ग्राहकों की संख्या भी घटती है। इसका सीधा असर कारोबार और दुकानदारों की आमदनी पर पड़ता है। कई छोटे कारोबारी ऐसे हैं, जिनके लिए मिल से जुड़े लोगों की आवाजाही ही नियमित ग्राहकी का प्रमुख आधार है।
किसानों से आगे बढ़कर पूरे क्षेत्र का सवाल
सिंभावली चीनी मिल का भविष्य अब केवल किसानों के गन्ना भुगतान और पेराई सत्र तक सीमित मुद्दा नहीं रह गया है। इसके साथ हजारों लोगों का रोजगार और क्षेत्र के बाजार की आर्थिक गतिविधियां भी जुड़ी हैं।
मिल की बिक्री की स्थिति में नए संचालक द्वारा इसका संचालन किस तरह किया जाएगा, कर्मचारियों और ठेकेदारों का भविष्य क्या होगा और पहले से जुड़े कारोबारियों को काम मिलता रहेगा या नहीं, ये बड़े सवाल हैं। क्षेत्र के लोगों की चिंता है कि यदि मिल का संचालन प्रभावित हुआ तो इसका असर लंबे समय तक दिखाई दे सकता है।
मिल बंद रहने से हजारों परिवारों पर जीवन-यापन का संकट मंडरा रहा है। यह ऐसे परिवार हैं, जिनका परिवार केवल मिल में कार्य करने या मिल के संचालित हाेने से ही चलता है। अब वह बेकार बैठे हैं। सैकड़ों परिवारों के सामने दो जून की रोटी का संकट भी खड़ा हाे जाएगा। - करन सिंह, सीजीएम, सिंभावली शुगर मिल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।