महाभारत कालीन गढ़ गंगा मेला आज से गुलजार, तंबुओं का शहर बसना शुरू; सुरक्षा के लिए बनी अस्थाई पुलिस लाइन
गढ़मुक्तेश्वर के कार्तिक पूर्णिमा मेले में आज से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है, जिसके लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

कार्तिक पूर्णिमा मेले का एडीजी एवं डीआइजी ने किया निरीक्षण
HighLights
आज से गढ़मुक्तेश्वर मेले में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू।
एडीजी, डीआईजी ने सुरक्षा तैयारियों का गहन निरीक्षण किया।
30 लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु पुलिस बल तैनात।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा मेले में आज से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा। इसी के साथ यहां दिनोदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती चली जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस फोर्स का भी 13 नवंबर से आगमन शुरू हो जाएगा, जिसके बाद 15 नवंबर से मेला पूर्ण रूप से पुलिस के हवाले हो जाएगा। ऐसे में मेले की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
गढ़मुक्तेश्वर के गंगा खादर में लगने वाले महाभारत कालीन मेले में आज से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा। इस मेले में करीब 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में पुलिस प्रशासन लगातार अपनी तैयारियों को पूर्ण करने में जुटा हुआ है।
मेले में अस्थाई पुलिस लाइन का हुआ निर्माण
मेले में अस्थाई पुलिस लाइन का निर्माण हो चुका है। लाइट एवं घाट आदि का कार्य पूर्ण होने की तरफ है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार तैयारियां कर रही है।
इसी कड़ी में मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर, उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआइजी) कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी कविता मीना, सीडीओ श्रुति शर्मा, पुलिस अधीक्षक मधुबन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक महेश कुमार ने गंगा मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।
इस दौरान उनको यहां पुलिस कर्मियों द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने मेला मार्ग, तीर्थ नगरी ब्रजघाट आदि का निरीक्षण किया तथा अधिनस्थों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने मेले में सभी तैयारियों को समय से करने तथा मार्गो पर लगने वाले जाम एवं सुरक्षा आदि को लेकर पूर्ण जानकारी हासिल की।
इस दौरान एसडीएम अशोक कुमार सैनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल यादव, कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट आदि अधिकारी मौजूद रहे। बता दे कि आज से मेले में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा। इसके बाद यहां दिनोदिन श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होती चली जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।