विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंग्लैंड भेजने का सपना दिखाकर हापुड़ के युवा को पहुंचाया रूस, 10 लाख ठगे; 40 लाख के एजुकेशन लोन में उलझाया

Published: Wed, 18 Nov 2026 08:29 AM (IST)

हापुड़ के एक युवक को इंग्लैंड में पढ़ाई का झांसा देकर 10 लाख रुपये ठगे गए और उसके नाम पर ...और पढ़ें

विदेश में पढ़ाई और बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर एक युवक को ठगी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। एआई इमेज

विदेश में पढ़ाई और बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर एक युवक को ठगी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। एआई इमेज

HighLights

  1. युवक को इंग्लैंड स्टडी वीजा का झांसा देकर ठगा।

  2. जालसाजों ने 10 लाख नकद लिए, 40 लाख का ऋण कराया।

  3. फर्जी दस्तावेज बनाकर रूस भेजा, पुलिस जांच जारी।

केशव त्यागी, हापुड़। विदेश में पढ़ाई और बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर एक युवक को ठगी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। इंग्लैंड में स्टडी वीजा दिलाने के नाम पर युवक से दस लाख रुपये हड़प लिए गए।

40 लाख रुपये का शिक्षा ऋण भी स्वीकृत कराया

सुनहरे भविष्य का झूठा सपना दिखाने वाले ठगों ने इसके बाद उसके नाम पर करीब 40 लाख रुपये का शिक्षा ऋण भी स्वीकृत करा दिया गया। आरोप है कि जालसाजों ने युवक को रूस भेजकर गुमराह किया और उसके शैक्षिक दस्तावेजों में भी हेराफेरी कर फर्जी प्रमाण-पत्र तैयार करा लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपितों समेत अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले 16 लाख रुपये खर्च आने की बात कही

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के गांव गंदूनंगला के सत्यम सिंह ने बताया कि दिसंबर 2024 में उसकी मुलाकात थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव गांव अकड़ौली के अभिनव सिद्धू से हुई थी।

अभिनव ने उसे इंग्लैंड में स्टडी वीजा पर भेजने का झांसा दिया और करीब 16 लाख रुपये खर्च आने की बात कही।

उसके भरोसे में आकर सत्यम ने रिश्तेदार के माध्यम से दस लाख रुपये दे दिए। साथ ही पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड और दसवीं व 12वीं की अंकतालिकाओं समेत अन्य दस्तावेज भी सौंप दिए।

संदेह होने पर अपने खर्च से भारत लौटा

आरोप है कि कई महीने तक टालमटोल करने के बाद अभिनव ने रूस का पर्यटक वीजा बनवाया और वहां से इंग्लैंड भेजने का भरोसा दिया। सत्यम रूस पहुंचा तो उसे ठगी का संदेह हुआ और वह अपने खर्च पर भारत लौट आया। इसके बाद भी आरोपित ने उसे इंग्लैंड भेजने का झांसा देकर उसके नाम पर क्रेडिला फाइनेंस लिमिटेड से करीब 40 लाख रुपये का शिक्षा ऋण स्वीकृत करा लिया।

पिता के खाते से हर माह कट रहे पांच हजार

ऋण प्रक्रिया के दौरान उसके नाम से एचएसबीसी बैंक में खाता खुलवाया गया, लेकिन उसमें उसका मोबाइल नंबर दर्ज करने के बजाय आरोपितों ने अपना नंबर लगवा दिया। उसके नाम से ई-मेल आइडी बनाकर उसका संचालन भी आरोपितों द्वारा किया गया। अब इस ऋण की किस्त के रूप में उसके पिता के बैंक खाते से करीब पांच हजार रुपये प्रतिमाह काटे जा रहे हैं।

फीस के नाम पर जमा कराए आठ लाख रुपये

सत्यम ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के रुद्रपुर के चरणप्रीत बाजवा भी शामिल है। उसके माध्यम से उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक में खाता खुलवाकर इंग्लैंड की फीस के नाम पर करीब आठ लाख रुपये जमा कराए गए थे।

इनमें से 6.30 लाख रुपये वापस मिले, जबकि करीब 1.70 लाख रुपये अभी भी बकाया हैं। बाद में जानकारी हुई कि उसके नाम से 10वीं, 12वीं और स्नातक की फर्जी शैक्षिक अंकतालिकाएं भी तैयार कराई गई हैं।

शिकायत के बाद भी नहीं मिली रकम, मिल रही धमकी

पीड़ित ने पहले पुलिस अधीक्षक हापुड़ को शिकायत दी थी। इसके बाद साइबर अपराध शाखा से मामले की जांच कराई गई। सत्यम का आरोप है कि जांच के दौरान समझौता कराया गया और चरणप्रीत बाजवा ने धोखाधड़ी की बात स्वीकार की थी, लेकिन अभिनव सिद्धू ने उसकी रकम वापस नहीं की। उल्टा उसे जान से मारने की धमकी दी जाने लगी।

डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र से लगाई गुहार 

इसके बाद पीड़ित ने डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र से न्याय की गुहार लगाई। एसपी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अभिनव सिद्धू, चरणप्रीत बाजवा समेत अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- हापुड़ में सपा के सभी संगठन भंग, गढ़मुक्तेश्वर सीट पर दावेदारी और मारपीट विवाद के बाद लिया गया फैसला

यह भी पढ़ें- THAR पर चढ़कर डांस करने और अराजकता फैलाने पर एक्शन, हापुड़ पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ दर्ज किया केस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।