हापुड़ में सपा के सभी संगठन भंग, गढ़मुक्तेश्वर सीट पर दावेदारी और मारपीट विवाद के बाद लिया गया फैसला
समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर हापुड़ की जिला कार्यकारिणी और सभी फ्रंटल संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।

गढ़मुक्तेश्वर सीट पर दावा ठोक रही नैना गुर्जर और निवर्तमान जिलाध्यक्ष बबलू गुर्जर। फोटो-जागरण
HighLights
सपा ने हापुड़ की जिला कार्यकारिणी भंग की।
विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने का प्रयास।
नैना गुर्जर और बबलू गुर्जर विवाद मुख्य कारण माना गया।
जागरण संवाददाता, हापुड़। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए हापुड़ की जिला कार्यकारिणी समेत सभी फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणी भंग कर दी हैं।
हाईकमान का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब पार्टी एसआईआर और वोट बचाओ जैसे मुद्दों को लेकर अभियान चला रही है। संगठन की तमाम कमेटियां भंग होने से पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में हलचल मच गई है। आगरा में पीडीए सम्मेलन के दो दिन बाद पार्टी के अध्यक्ष द्वारा लिए गया यह बड़ा निर्णय अप्रत्याशित माना जा रहा है।
संगठन को मजबूत करने की कवायद
दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद चल रही है। सपा की ओर से इन दिनों एसआइआर और वोट चोरी के मुद्दे पर आंदोलन किए जा रहे हैं।
हापुड़ में भी बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और मतदाताओं से जुड़ने के लिए पदाधिकारियों को विस्तृत कार्यक्रम सौंपा गया है। इसी बीच प्रदेश नेतृत्व ने संगठन में बदलाव का निर्णय लिया है।
सपा प्रदश अध्यक्ष ने जारी किया निर्देश
सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की ओर से जारी निर्देश के तहत हापुड़ की जिला कार्यकारिणी, फ्रंटल संगठनों के साथ ही पार्टी की राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल हापुड़ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।
कमेटियां भंग किए जाने के पीछे संगठनात्मक कमजोरी को भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी के कुछ पदाधिकारी इसे नियमित संगठनात्मक प्रक्रिया बता रहे हैं।
नैना गुर्जर से विवाद को माना जा रहा है मुख्य कारण
इस बड़े निर्णय के पीछे मुख्य कारण गढ़मुक्तेश्वर सीट पर दावा ठोक रही नैना गुर्जर और निवर्तमान जिलाध्यक्ष बबलू गुर्जर के बीच टकराव को माना जा रहा है। नैना गुर्जर और बबलू गुर्जर दोनों गढ़मुक्तेश्वर सीट से दावेदारी ठोक रहे हैं। नैना गुर्जर पर दो दिन पहले पार्टी का जाब वर्क करने वाले कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगा था।
इसको लेकर सोमवार को नैना गुर्जर और उनके पति नीरज सिंह ने दिल्ली में अखिलेख यादव व डिंपल यादव से मुलाकात की थी। चर्चा है कि उस मुलाकात में जिलाध्यक्ष बबलू गुर्जर और उनके साथियों को पार्टी विरोधी बताने के साथ ही कई साक्ष्य सौंपे गए।
नैना गुर्जर पर लगे आरोपों का ठीकरा भी जिलाध्यक्ष पर फोड़ दिया गया। इस बैठक में जिलाध्यक्ष व कुछ पदाधिकारियों को हटाने का निर्णय लिया गया था। हालांकि बाद में जिले के सभी संगठनों के साथ ही हापुड़ के उन पदाधिकारियों को भी हटा दिया गया, जो प्रदेश या राष्ट्रीय टीम में शामिल हैं।
हाईकमान के निर्देश पर जिले की सभी कमेटियां भंग की गई हैं। यह अप्रत्याशित निर्णय है। कल तक सब ठीक था, एकाएक यह आदेश आया है। मैं कल को नेताजी से बात करुंगा, तब कारण का पता चलेगा। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं। पार्टी की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से काम करता रहुंगा।
- बबलू गुर्जर - निवर्तमान जिलाध्यक्ष।
यह भी पढ़ें- THAR पर चढ़कर डांस करने और अराजकता फैलाने पर एक्शन, हापुड़ पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ दर्ज किया केस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।