CT स्कैन मशीन चुराने अस्पताल में घुसा चोर, खुद ही हो गया लहूलुहान; अब खून के धब्बों से तलाश रही हापुड़ पुलिस
हापुड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक चोर ने सीटी स्कैन मशीन चुराने का प्रयास किया, लेकिन जंगला तोड़ते समय घायल हो गया और खून के निशान छोड़ गया।

लाल घेरे में चोर का खून और जांच करती टीम।
HighLights
हापुड़ सीएचसी में चोर ने सीटी स्कैन मशीन चुराने का प्रयास किया।
जंगला तोड़ते समय चोर घायल हुआ, फर्श पर खून के निशान मिले।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर चोर की तलाश कर रही है।
केशव त्यागी, हापुड़। जिले में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब घर और दुकान ही नहीं, सरकारी संपत्ति भी उनके निशाने पर है। शुक्रवार देर रात थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक चोर ने जंगला तोड़कर घुसपैठ कर ली।
यहां तक कि उसने सीटी स्कैन मशीन चोरी करने का प्रयास भी किया। हालांकि, वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। कक्ष में कूदते समय चोर के घायल होने की आशंका है, क्योंकि मौके पर फर्श पर खून के निशान मिले हैं।
गढ़ रोड स्थित सीएचसी में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध है। बताया गया कि रात के समय एक चोर ने अस्पताल के कक्ष में प्रवेश करने के लिए जंगले को तोड़ दिया। इसके बाद वह अंदर दाखिल हो गया।
सीएचसी के रूम में कूदते समय चोर को लगी चोट
कक्ष में कूदते समय उसे चोट लग गई, जिसके चलते वहां खून फैल गया। चोर ने सीटी स्कैन मशीन को चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश वह मशीन लेकर नहीं जा सका और मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में खलबली मच गई। सूचना पर थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने टूटे जंगले और कक्ष में मिले खून के निशानों समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। चोर की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
सरकारी संपत्ति भी नहीं सुरक्षित
चोरी की घटनाओं के बीच सरकारी स्वास्थ्य केंद्र को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकारी अस्पताल में रखी लाखों रुपये की मशीनें मरीजों के उपचार के लिए हैं। ऐसे में इनकी सुरक्षा में सेंध लगना गंभीर मामला है। अब पुलिस के सामने चुनौती चोर की पहचान कर उसे पकड़ने और घटना की तह तक पहुंचने की है।
थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि सीएचसी में चोरी के प्रयास की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।