दोस्त की पत्नी के साथ लिव-इन में रहना पड़ा भारी: ड्यूटी पर जा रहे युवक को हमलावरों ने मारी गोली, हालत गंभीर
हापुड़ में एक 21 वर्षीय युवक को दोस्त की पत्नी के साथ लिव-इन में रहने के कारण गोली मार दी ...और पढ़ें

HighLights
ऋतिक को लिव-इन संबंध के कारण पीठ में गोली मारी गई।
हापुड़ में ड्यूटी जाते समय हमलावरों ने युवक को घेरा।
पुलिस ने दो हमलावरों को पकड़ा, मुख्य आरोपी मनोज फरार।
जागरण संवाददाता, हापुड़। एक व्यक्ति की पत्नी के साथ लिव-इन में रहने की कीमत 21 वर्षीय ऋतिक को गोली खाकर चुकानी पड़ी। पत्नी से नजदीकियों को लेकर चल रही रंजिश में हमलावरों ने पति के साथ मिलकर उसे निशाना बनाया।
थाना हाफिजपुर क्षेत्र के दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाथ होटल के सामने बाइक सवार ऋतिक को घेरकर उसकी पीठ में गोली मार दी गई। वारदात के बाद से घायल हापुड़ के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
उधर, पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दो हमलावरों विकास और सुमित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपित मनोज फरार है।
पुलिस के अनुसार, थाना हाफिजपुर क्षेत्र में बुधवार रात करीब आठ बजे यह वारदात हुई। थाना देहात क्षेत्र के तगासराय का ऋतिक पिलखुवा क्षेत्र के गांव गालंद स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। 11 नवंबर की रात वह बाइक से रिलायंस रोड स्थित मीशो कंपनी में ड्यूटी पर जा रहा था।
जैसे ही वह एनएच-09 पर पाथ होटल के सामने पहुंचा तो बाइक सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने उस पर गोली चला दी। गोली पीठ में लगने से ऋतिक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
दोस्त की पत्नी के साथ रहने से बढ़ी रंजिश
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में ऋतिक के पिता दर्शन सिंह ने विकास पुत्र बेनो सिंह, सुमित पुत्र चेतन और मनोज पुत्र बनी सिंह को नामजद कराया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि करीब 12 साल पहले मनोज की शादी अंशु से हुई थी। पिछले एक साल से दोनों के बीच तलाक का मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन चल रहा है।
तभी से अंशु, ऋतिक के साथ पिलखुवा क्षेत्र के गांव गालंद में लिव-इन में रहती आ रही है। इसी बात को लेकर मनोज और ऋतिक के बीच रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश में मनोज ने विकास और सुमित के साथ मिलकर ऋतिक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और मौका पाकर उस पर गोली चला दी।
दो गिरफ्तार, तीसरे की तलाश
थाना हाफिजपुर प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान ने बताया कि पुलिस ने मामले में नामजद विकास और सुमित को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने और रंजिश के संबंध में जानकारी दी है। वहीं, तीसरे आरोपित मनोज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपित को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। दूसरी ओर, अस्पताल में भर्ती ऋतिक की हालत गंभीर बनी हुई है।स्वजन उसकी सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।