विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहन की शादी का खर्च जुटाने के लिए भाई बना तस्कर, संभल से गांजा लेकर पहुंचा हापुड़; पुलिस ने दबोचा

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:21 AM (IST)

बहन की शादी के खर्च का इंतजाम करने के लिए एक युवक ने गांजे की तस्करी शुरू की। हापुड़ में ...और पढ़ें

हापुड़ पुलिस ने आरोपी को दबोचा। जागरण

हापुड़ पुलिस ने आरोपी को दबोचा। जागरण

HighLights

  1. बहन की शादी के खर्च हेतु युवक ने गांजा तस्करी की।

  2. हापुड़ पुलिस ने 1.650 किलोग्राम गांजे के साथ पकड़ा।

  3. आरोपी शाने आलम बदनौली रेलवे फाटक के पास गिरफ्तार।

केशव त्यागी, हापुड़। बहन की शादी के खर्च का इंतजाम करने के लिए एक युवक ने गांजे की तस्करी शुरू कर दी। हापुड़ में गांजे की अधिक मांग होने की जानकारी मिलने पर वह संभल से नशे का सामान लेकर यहां बेचने पहुंचा था। हालांकि, बदनौली रेलवे फाटक के पास कोतवाली पुलिस की चेकिंग देखकर भागने का प्रयास करना उसे भारी पड़ गया।

पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 1.650 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पुलिस कर रही थी चेकिंग

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि 12 नवंबर को उपनिरीक्षक चेतन चौहान और रविंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बदनौली जाने वाले रास्ते पर रेलवे फाटक के पास दिल्ली रोड की ओर से एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया।

वहीं, पुलिस को चेकिंग करते देखकर उसने अचानक बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शाने आलम निवासी ग्राम बिलालपत, थाना असमोली, जिला संभल बताया।

आरोपी के पास से गांजा बरामद

पुलिस द्वारा उसके कंधे पर लटके काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर पारदर्शी पॉलीथिन में गांजा मिला। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी नगर की मौजूदगी में तलाशी और बरामदगी की कार्रवाई की गई। फील्ड यूनिट ने परीक्षण के बाद बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि की। इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर वजन करने पर इसकी मात्रा 1.650 किलोग्राम निकली।

आरोपी के कब्जे से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 1880 रुपये भी बरामद किए। पूछताछ में शाने आलम ने बताया कि उसकी बहन की शादी है और शादी के खर्च के लिए रुपये जुटाने के उद्देश्य से उसने गांजा बेचना शुरू किया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट का इंजीनियर निकला गांजा सप्लायर, नोएडा पुलिस ने किया गिरफ्तार; शिलांग से मंगाता था सप्लाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।