विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटे की आंखों के सामने माता-पिता को बेकाबू टैंकर ने मारी जोरदार टक्कर, पिता की हालत नाजुक; चालक फरार

Published: Mon, 23 Nov 2026 09:46 AM (IST)

हापुड़ के निजामपुर बाइपास पर एक तेज रफ्तार टैंकर ने सड़क किनारे खड़े दंपती को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हापुड़ पुलिस। फाइल फोटो

हापुड़ पुलिस। फाइल फोटो

HighLights

  1. हापुड़ में तेज रफ्तार टैंकर ने दंपती को टक्कर मारी।

  2. हादसे में पिता गंभीर, मां भी घायल, मेरठ रेफर किया।

  3. पुलिस ने अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।

जागरण संवाददाता, हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर बाइपास पर तेज रफ्तार अनियंत्रित टैंकर ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार दंपती को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हादसा उस समय हुआ, जब दंपती का बेटा दूसरी बाइक से कुछ दूरी पर पीछे चल रहा था।

उसकी आंखों के सामने ही माता-पिता हादसे का शिकार हो गए। टक्कर मारने के बाद चालक टैंकर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित बेटे की तहरीर पर अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

थाना बाबूगढ़ क्षेत्र का मामला

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव अयादनगर दक्षिणी के मनु शर्मा ने बताया कि 19 नवंबर को वह अपने माता-पिता के साथ अलग-अलग बाइक से बाजार जा रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे तीनों निजामपुर बाइपास पर पहुंचे।

सड़क निर्माण के चलते कट बंद होने के कारण उनके पिता ने बाइक सड़क किनारे रोक दी। पिता शौच के लिए खड़े थे और मां भी बाइक के पास मौजूद थीं। मनु उनसे करीब तीन मीटर पीछे चल रहे थे।

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में लहराता हुआ टैंकर आया। चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले मनु की बाइक को भी चपेट में लेने का प्रयास किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े उनके माता-पिता से टकरा गया।

हादसे में शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं

हादसे में पिता के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गए, जबकि मां का कंधा टूट गया और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह टैंकर छोड़कर फरार हो गया। मनु ने दोनों को देवनंदनी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ रेफर कर दिया।

फिलहाल दोनों का मेरठ के नागर अस्पताल में उपचार चल रहा है। पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर टैंकर के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। टैंकर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। मामले में जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- हापुड़ में पांटून पुल ने भरे 84 साल पुराने जख्म, अब श्रद्धालु एक साथ कर रहे गढ़ गंगा और तिगरी धाम के दर्शन

यह भी पढ़ें- हापुड़ भाजपा किसान मोर्चा की नई लिस्ट पर घमासान, अपनों ने ही खोला मोर्चा, सोशल पर बताया 'मनमानी फैसला'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।