Hapur News: कर्मचारियों ने दी 25 सितंबर को धरने देने की चेतावनी, ये है बड़ी मांग
सिंभावली चीनी मिल में प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच विवाद गहरा गया है। कर्मचारियों ने 4 साल के ओवरटाइम और हड़ताल के दौरान काटे गए 14 दिन के वेतन की मांग की है। भुगतान न होने पर 25 सितंबर को धरने की चेतावनी दी है। प्रबंधन वार्ता के लिए तैयार है पर समाधान का इंतजार है।

संवाद सहयोगी, सिंभावली (हापुड़)। चीनी मिल के शुरू होने से पहले प्रबंधन तंत्र और कर्मचारियों के फिर तकरार की स्थिति शुरू हो गई है। कर्मचारियों ने चार साल के ओवर टाइम और हड़ताल के समय 14 दिन के वेतन की मांग की है। इस संबंध में मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन दिया है।
कर्मचारी सुरेश पाल, अरुण त्यागी, पवन त्यागी, मास्टर ताहिर, ऋषिपाल शर्मा आदि ने बताया कि जनवरी सन् 2021 से जून सन् 2024 तक का ओवरटाइम कर्मचारियों को नहीं मिला है। इसके अलावा अपनी मांगों को लेकर 17 अप्रैल से 30 अप्रैल तक टाइम ऑफिस के बाहर कर्मचारियों ने धरना दिया था। प्रबंधन तंत्र ने 14 दिन का वेतन काट दिया था। उसके बाद समझौते के दौरान जनप्रतिनिधि के समक्ष वेतन देने का वादा भी किया था, लेकिन आज तक किसी भी कर्मचारी के खाते में वेतन नहीं भेजा गया।
कर्मचारियों ने मुख्य महाप्रबंधक करन सिंह को दिए गए पत्र में लिखा है कि 25 सितंबर तक सभी भुगतान नहीं होने पर 25 सितंबर को हेड ऑफिस के सामने कामकाज बंद कर बेमियादी धरना शुरू किया जाएगा।
चीनी मिल के प्रशासनिक अधिकारी दिनेश शर्मा का कहना है कि नियम अनुसार वेतन काटा गया था। कर्मचारियों ने एक पत्र दिया है जिसके आधार पर उनसे वार्ता की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।