हापुड़ में रात्रि ड्यूटी के दौरान सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह का हार्ट अटैक से निधन, कुर्सी पर ही मिला शव
हापुड़ के गंदू नगला गांव में रात्रि ड्यूटी के दौरान उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह का हार्ट अटैक से निधन हो ...और पढ़ें

आशंका जताई जा रही है कि उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह को अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिससे कुर्सी पर बैठे-बैठे ही उनकी सांसें थम गईं।
HighLights
हापुड़ में उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह का निधन।
रात्रि ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मृत्यु हुई।
सुबह कुर्सी पर मृत पाए गए दरोगा।
जागरण संवाददाता, हापुड़। रातभर गांव की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे थाना बहादुरगढ़ में तैनात उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह को खुद पता नहीं चला कि कब मौत ने उन्हें अपनी आगोश में ले लिया। वह कुर्सी पर बैठे-बैठे ही दुनिया को अलविदा कह गए। रातभर ग्रामीणों को लगा कि दरोगा जी ड्यूटी पर मुस्तैद हैं, लेकिन सुबह आवाज देने पर भी कोई हलचल नहीं हुई तो अनहोनी की आशंका हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें मृत पाया। रात्रि ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
तब ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
घटना बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गंदू नगला की है। यहां उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह की रात्रि ड्यूटी लगाई गई थी। ड्यूटी के दौरान वह कुर्सी पर बैठे हुए थे। इसी बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी सांसें थम गईं। रातभर ग्रामीणों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह जब ग्रामीणों ने उन्हें आवाज लगाई और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिसकर्मियों ने जताया शोक
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उप निरीक्षक को मृत पाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। मूल रूप से अलीगढ़ जनपद के सादाबाद क्षेत्र के रहने वाले लक्ष्मण सिंह की ड्यूटी के दौरान अचानक मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक व्याप्त हो गया। साथी पुलिसकर्मियों ने उनके निधन पर दुख जताया है।