दिवाली के लिए सड़कों पर उतरेगा यूपी रोडवेज बसों का बेड़ा, दिल्ली सहित प्रमुख शहरों के लिए बढ़ेंगे गाड़ियों के फेरे
रोडवेज ने दीपावली पर यात्रियों की सुविधा के लिए बसों की व्यवस्था बढ़ाई है। मुरादाबाद परिक्षेत्र से नौ प्रमुख मार्गों ...और पढ़ें

रोडवेज बस।
HighLights
दीपावली पर रोडवेज ने बढ़ाई 280 अतिरिक्त बस सेवाएं।
मुरादाबाद परिक्षेत्र से नौ प्रमुख मार्गों पर चलेंगी ये बसें।
6 से 15 नवंबर तक यात्रियों को मिलेगी विशेष सुविधा।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। दीपावली पर घर पहुंचने की जल्दी और त्योहार के बाद लौटने की चिंता, यात्रियों की इस परेशानी को देखते हुए रोडवेज ने बसों का इंतजाम बढ़ा दिया है। दिल्ली से मुरादाबाद और आसपास के शहरों में आने वालों को बसों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने मुरादाबाद परिक्षेत्र से नौ प्रमुख मार्गों पर 280 अतिरिक्त बस सेवाएं चलाने का फैसला किया है। छह से 15 नवंबर तक यात्रियों की भीड़ के हिसाब से बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।
मुरादाबाद रीजन से नौ मार्गों पर 280 अतिरिक्त बसें चलेंगी
क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने बताया कि त्योहार पर सबसे ज्यादा दबाव दिल्ली और हरिद्वार मार्ग पर रहने की संभावना है। इसे देखते हुए दिल्ली-रामनगर मार्ग पर सर्वाधिक 53 अतिरिक्त सेवाएं निर्धारित की गई हैं। हरिद्वार-बरेली मार्ग पर भी 53 सेवाएं लगाई जाएंगी। दिल्ली-कोटद्वार मार्ग पर 40, दिल्ली-बरेली और दिल्ली-लखनऊ मार्ग पर 30-30 तथा दिल्ली-हल्द्वानी मार्ग पर 26 अतिरिक्त सेवाएं संचालित होंगी।
छह नवंबर से शुरू होगी विशेष व्यवस्था
दिल्ली-धामपुर-कालागढ़ मार्ग पर 22 और दिल्ली-सोनौली, रूपेड़िया व टनकपुर मार्ग पर 18 अतिरिक्त सेवाएं लगेंगी। दिल्ली-बदायूं मार्ग पर आठ सेवाओं की व्यवस्था की गई है। इन सेवाओं के संचालन की जिम्मेदारी मुरादाबाद, पीतलनगरी, अमरोहा, रामपुर, बिजनौर, नजीबाबाद और चांदपुर डिपो को सौंपी गई है। बसों के संचालन में अव्यवस्था न हो, इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी दिल्ली में लगाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- त्योहार पर घर पहुंचना आसान: दीपावली-छठ पर 12 दिन तक एक्सट्रा रोडवेज की सर्विस, दिल्ली-पूर्वांचल के लिए बढ़ेंगी बसें
छह नवंबर को सभी संबंधित कर्मचारी निर्धारित समय से पहले दिल्ली पहुंचकर व्यवस्था संभालेंगे। यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार बसों के मार्ग में भी बदलाव किया जा सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।