विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हापुड़ में हुई दिल दहलाने वाली घटना, घर में घुसकर अपराधी ने युवती पर डाला तेजाब, मची अफरातफरी

By Prateek KumarEdited By:
Published: Sun, 21 Feb 2021 10:35 PM (IST)

हापुड़ में रविवार की रात दिलदहलाने वाली घटना हुई। घर में घुसकर एक गांव निवासी युवती पर गैर समुदाय के ...और पढ़ें

हापुड़ में घर में घुसकर अपराधी ने युवती पर डाला तेजाब।
हापुड़ में घर में घुसकर अपराधी ने युवती पर डाला तेजाब।

हापुड़ [केशव]। घर में घुसकर थाना सिंभावली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती पर गैर समुदाय के युवक ने तेजाब डालकर हमला कर दिया। हमले में पीड़िता बुरी तरह झुलस गई। स्वजन ने पीड़िता को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, उसकी हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सनसनीखेज वारदात से जहां स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस अभी तक आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती अपने घर पर मौजूद थी। इस दौरान पड़ोस निवासी दूसरे समुदाय का युवक बाइक पर सवार होकर उसके घर पहुंचा। घर में घुसकर आरोपित ने युवती पर तेजाब फेंक कर हमला कर दिया। तेजाब गिरने से युवती का शरीर बुरी तरह से झुलस गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने आरोपित की तलाश की। लेकिन, सुराग नहीं लग सका। मामले की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवती को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, उसकी हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पहले भी हो चुकी हैं एसिड अटैक की वारदात

2 फरवरी 2020 को बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में सामूहिक दुष्कर्म नाबालिग पीड़िता पर आरोपित पक्ष के लोगों घर में घुसकर तेजाब फेंक दिया। विरोध करने पर पीड़िता के माता-पिता व भाई पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया था।

15 जनवरी 2020 कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रफीक नगर निवासी एक व्यक्ति ने पड़ोसी दो युवकों पर घर में घुसकर उसकी पुत्री पर तेजाब डालकर हमला किया था।