हापुड़ में वैगनआर ने रिक्शे को पीछे से मारी टक्कर, ड्राइवर की मौके पर मौत; नहीं हो सकी पहचान
हापुड़ के पिलखुवा में लाखन अंडरपास पर एक सड़क हादसे में स्कूटर से बने रिक्शे के ड्राइवर की मौत हो गई। पीछे से आ रही वैगनआर कार ने रिक्शे में टक्कर मार दी, जिससे ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
पिलखुवा में वैगनआर कार ने रिक्शे को पीछे से टक्कर मारी।
हादसे में रिक्शा ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक ड्राइवर की शिनाख्त नहीं हो सकी, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, पिलखुवा (हापुड़)। कोतवाली क्षेत्र के लाखन अंडरपास के ऊपर गुरुवार को सड़क हादसे में स्कूटर के पिछले हिस्से से तैयार किए गए रिक्शे के ड्राइवर की मौत हो गई। पीछे से आ रही वैगनआर कार ने रिक्शे में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद सड़क पर वाहनों की कतार लगने से जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया।
ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई
पुलिस के अनुसार, रिक्शा ड्राइवर गाजियाबाद से पिलखुवा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह लाखन अंडरपास के ऊपर पहुंचा, तभी पीछे से आ रही वैगनआर कार ने रिक्शे में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर छिजारसी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा
पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को एनएचएआई के हाइड्रा की मदद से सड़क से हटवाकर छिजारसी चौकी भिजवाया गया। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने जाम खुलवाकर वाहनों का आवागमन सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।