हापुड़ में तेज रफ्तार बस ने बाइक को मारी टक्कर, पीछे बैठे युवक की कुचलकर मौत; ड्राइवर की तलाश तेज
हापुड़ में गढ़ रोड पर एक तेज रफ्तार बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर पीछे बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

हादसे में बाइक पर पीछे बैठे युवक की बस के पहिये के नीचे कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
हापुड़ में बस ने बाइक को टक्कर मारी, युवक की मौत।
बस चालक मौके से फरार, पुलिस ने मामला दर्ज किया।
मृतक नवदीप सिंह, दोस्त धर्मेंद्र कुमार घायल हुए।
केशव त्यागी, हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित नवीन मंडी के पास तेज रफ्तार बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे युवक की बस के पहिये के नीचे कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई।
इस बीच बाइक चला रहा उसका दोस्त घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बाइक में जोरदार टक्कर मार दी
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव रसूलपुर बहलोलपुर के नवराज सिंह ने बताया कि उनका पुत्र नवदीप सिंह 23 नवंबर को अपने दोस्त धर्मेंद्र कुमार की बाइक पर पीछे बैठकर गांव से हापुड़ आ रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों नवीन मंडी स्थित मनोहर रेजिडेंसी के पास पहुंचे। इसी दौरान पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रही बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
टक्कर लगते ही नवदीप सड़क पर गिर गया। इससे पहले कि वह संभल पाता, बस का अगला पहिया उसके ऊपर से उतर गया। गंभीर चोट लगने के कारण नवदीप की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे धर्मेंद्र कुमार भी घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुत्र की मौत के बाद वह अंतिम संस्कार और क्रिया-कर्म में व्यस्त रहे।
इसके चलते तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। बुधवार को थाने पहुंचकर उन्होंने कार्रवाई की मांग की। थाना देहात प्रभारी पारस मालिक ने बताया कि बस अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।