विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में BS-4 डीजल बैन की चर्चा तेज, क्यों उठ रहे सवाल और क्या है 'सिर्फ BS-6' नियम का असर?

Published: Thu, 26 Nov 2026 09:52 AM (IST)

दिल्ली में सर्दियों में बीएस-4 डीजल वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी है, जिस पर विशेषज्ञ सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि बीएस-4 और बीएस-6 वाहनों के उत्सर्जन में ज्यादा अंतर नहीं है।

धुआं छोड़ती कमर्शियल चैन जागरण आर्काइव

धुआं छोड़ती कमर्शियल चैन जागरण आर्काइव

HighLights

  1. बीएस-4 डीजल वाहनों पर सर्दियों में प्रतिबंध की कवायद।

  2. विशेषज्ञ मानते हैं बीएस-4, बीएस-6 उत्सर्जन में ज्यादा अंतर नहीं।

  3. जाम, रखरखाव भी वाहन प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए बीएस-4 श्रेणी के डीजल वाहनों को सर्दियों में पूरी तरह प्रतिबंधित किए जाने की कवायद चल रही है। सुप्रीम कोर्ट में भी ऐसी मंशा जाहिर की गई है।

सुप्रीम कोर्ट से भले ही इस दिशा में अंतिम आदेश नहीं आया है, लेकिन इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है। विशेषज्ञ भी प्रतिबंध के औचित्य व व्यावहारिकता पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि बीएस-4 और बीएस-6 वाहनों के उत्सर्जन में अंतर जरूर है, लेकिन ज्यादा अंतर नहीं है।

वाहन की श्रेणी से ही तय नहीं होता

प्रदूषण का पूरा गणित वाहन की श्रेणी से ही तय नहीं होता है। जाम में रेंगती गाड़ियां, बार-बार ब्रेक और एक्सीलरेटर के इस्तेमाल, इंजन की स्थिति और वाहन के रखरखाव से भी उत्सर्जन प्रभावित होता है।

पूर्व परिवहन उपायुक्त अनिल छिकारा के मुताबिक, भारत स्टेज की अलग-अलग श्रेणियों में वाहनों के उत्सर्जन का निर्धारण मास एमिशन टेस्ट से होता है। यह परीक्षण प्रयोगशाला में निर्धारित परिस्थितियों में किया जाता है।

वहीं, इसमें इंजन के साथ उसके सॉफ्टवेयर और डिजाइन के मानक भी तय होते हैं। इसलिए बीएस-4 और बीएस-6 के बीच उत्सर्जन का अंतर समझने के लिए केवल मास एमिशन टेस्ट के आंकड़े देखना पर्याप्त नहीं है।

ऐसे समझें बीएस-4 और बीएस-6 श्रेणी के वाहनों का उत्सर्जन

  • बीएस-3 वाहनों में एग्जास्ट आफ्टर ट्रीटमेंट की व्यवस्था नहीं थी, जबकि बीएस-4 और बीएस-6 में उत्सर्जन नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त तकनीक शामिल की गई।
  • केंद्रीय मोटर वाहन नियमों के नियम 115 के तहत पेट्रोल वाहनों के कुछ टेलपाइप उत्सर्जन मानक बीएस-4 और बीएस-6 में समान हैं।
  • कार्बन मोनोऑक्साइड की अधिकतम निर्धारित सीमा दोनों में एक ग्राम प्रति किमी है।
  • हाइड्रोकार्बन और नाइट्रोजन ऑक्साइड के मानकों में अंतर है। इसलिए दोनों श्रेणियों के सभी वाहनों को समान प्रदूषण स्तर वाला मानना भी सही नहीं होगा।

प्रयोगशाला ही नहीं सड़क पर भी परीक्षण जरूरी

छिकारा के का कहना है कि बीएस-6 तकनीक का लाभ पहाड़ी रास्तों पर चढ़ाई, अधिक भार और ओवरस्पीडिंग जैसी परिस्थितियों में अधिक स्पष्ट हो सकता है। लेकिन दिल्ली का इलाका मुख्यतः समतल है। ऐसे में यहां बीएस-4 और बीएस-6 के बीच वास्तविक उत्सर्जन का अंतर सड़क पर परीक्षण करके भी समझना जरूरी है।

जाम में बीएस-6 वाहन भी जलाते हैं ज्यादा ईंधन

वाहनों के उत्सर्जन का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू उनकी रफ्तार है। जाम में ब्रेक और एक्सीलेटर के बार-बार प्रयोग से अधिक ईंधन जलता है। इसका असर कार्बन मोनोऑक्साइड, हाइड्रोकार्बन, नाइट्रोजन ऑक्साइड और कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन पर भी पड़ता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक उत्सर्जन इंजन के लोड, वाहन की गति, एक्सीलरेशन, ईंधन और एग्जास्ट आफ्टर ट्रीटमेंट सिस्टम की कार्यक्षमता पर निर्भर करता है। सामान्य और स्थिर गति पर वाहन अपेक्षाकृत बेहतर ईंधन दक्षता से चल सकता है।

वहीं, इसलिए बीएस-3, बीएस-4 और बीएस-6 वाहनों का जाम, रेंगती रफ्तार और सामान्य गति में तुलनात्मक आन-रोड परीक्षण जरूरी है। इससे पता चलेगा कि केवल वाहन की श्रेणी बदलने से कितना उत्सर्जन कम होता है।

बीएस-4 और बीएस-6 वाहनों के उत्सर्जन में बहुत बड़ा अंतर नहीं है। ऐसे में बीएस-4 वाहनों का दिल्ली में प्रवेश रोकना व्यावहारिक नहीं है। एनसीआर में बीएस-6 वाहनों की हिस्सेदारी भी अभी सीमित है और इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या भी इतनी नहीं है कि वे तत्काल पुराने वाहनों की जगह ले सकें। - टुटू धवन, आटोमोटिव विशेषज्ञ

अलग-अलग परिस्थितियों में उत्सर्जन का अंतर

  • जाम में खड़ा वाहन : इंजन चालू रहने पर बिना दूरी तय किए भी ईंधन जलता है और प्रदूषक निकलते रहते हैं।
  • रेंगता वाहन : बार-बार ब्रेक और एक्सीलरेटर के इस्तेमाल से प्रति किलोमीटर ईंधन खपत बढ़ सकती है।
  • सामान्य गति : स्थिर गति और उचित गियर में वाहन अपेक्षाकृत बेहतर ईंधन दक्षता से चल सकता है। बहुत तेज गति पर भी ईंधन खपत और उत्सर्जन बढ़ सकते हैं।

दिल्ली में वाहनों से निकलने वाली जहरीली गैसें

  • कार्बन मोनोऑक्साइड- 217.7 टन प्रतिदिन
  • हाइड्रो कार्बन-66.7 टन प्रतिदिन
  • नाइट्रोजन ऑक्साइड- 84.1 टन प्रतिदिन
  • पार्टिकुलेट मैटर-9.7 टन प्रतिदिन
  • सल्फर डाई ऑक्साइड-0.72 टन प्रतिदिन

यह भी पढ़ें- दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने का प्लान तैयार, अब एक्शन में आई ट्रैफिक पुलिस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।