हापुड़ में लगे धीरेंद्र शास्त्री की यूपी में नो एंट्री के पोस्टर, अखिलेश यादव के 'आदेश' से छिड़ा सियासी संग्राम
हापुड़ में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के उत्तर प्रदेश में प्रवेश पर रोक लगाने की मांग वाले पोस्टर लगाए गए हैं। ...और पढ़ें

पोस्टरों पर बड़े अक्षरों में लिखा है कि ईशनिंदा करने वालों का उत्तर प्रदेश की पावन धरती पर प्रवेश वर्जित है। जागरण
HighLights
हापुड़ में धीरेंद्र शास्त्री के प्रवेश पर रोक के पोस्टर।
पोस्टरों पर अखिलेश यादव के ट्वीट का स्क्रीनशॉट भी।
सपा नेताओं ने इसे विरोध का राजनीतिक तरीका बताया।
केशव त्यागी, हापुड़। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर चल रहा विवाद अब हापुड़ तक पहुंच गया है। जिले में भी धीरेंद्र शास्त्री के उत्तर प्रदेश में प्रवेश पर रोक लगाने की मांग वाले पोस्टर लगाए गए हैं। लाल और हरे रंग के इन पोस्टरों पर बड़े अक्षरों में लिखा है कि ईशनिंदा करने वालों का उत्तर प्रदेश की पावन धरती पर प्रवेश वर्जित है।
विवादित पोस्टर पर लगाया अखिलेश का ट्वीट
पोस्टर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। पोस्टर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ उनके सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी लगाया गया है।
इसमें धर्म के नाम पर राजनीति बंद करने की बात कही गई है। पोस्टर पर लिखा है कि यह विवादित बयान धर्म, समाज और सम्मान पर चोट है। इसके साथ ही धीरेंद्र शास्त्री की तस्वीर लगाकर उत्तर प्रदेश की धरती पर उनके प्रवेश को वर्जित करने की बात कही गई है।
'यह तो सिर्फ विरोध का राजनीतिक तरीका है'
पोस्टर के निचले हिस्से में समाजवादी पार्टी का चुनाव चिह्न साइकिल भी बना है। साथ ही, सपा व्यापार सभा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गौरव गोयल, छात्र सभा के जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव और जिला महासचिव रमन जाटव के नाम दर्ज हैं। पोस्टर में संजय सिंह का नाम भी शामिल है।
बता दें कि धीरेंद्र शास्त्री को लेकर दिए गए बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हुई है। अब हापुड़ में पोस्टर लगाकर इस विवाद को स्थानीय स्तर पर भी हवा मिल गई है। छात्र सभा के जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव ने बताया कि पोस्टर में प्रवेश वर्जित लिखे जाने का अर्थ किसी प्रशासनिक प्रतिबंध से नहीं है, बल्कि यह विरोध जताने का राजनीतिक तरीका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।