Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Hapur Crime: पति ने हत्या के बाद बोरे में बंद कर कुएं में फेंका पत्नी का शव, अवैध संबंध के शक में हुई घटना

    Updated: Sat, 20 Sep 2025 06:27 AM (IST)

    हापुड़ के सिंभावली में एक पति ने परिवार संग मिलकर पत्नी की हत्या कर दी और शव कुएं में फेंक दिया। आरोपी ने गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शव बरामद कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मायके पक्ष की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पति ने अवैध संबंध के शक में हत्या की बात कबूली है।

    Hero Image
    पति ने हत्या के बाद बोरे में बंद कर कुएं में फेंका पत्नी का शव

    जागरण संवाददाता, हापुड़ (सिंभावली)। थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव वैठ में एक पति ने स्वजन संग मिलकर अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। उसके शव को बोरे में बंद कर गांव के पास एक कुएं में फेंक दिया। इतना ही नहीं आरोपित ने थाने में महिला की गुमशुदगी दर्ज करा दी। पिछले चार दिनों से आरोपित पुलिस के साथ महिला की तलाश में जुटे थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बृहस्पतिवार देर रात पुलिस ने महिला ने शव को बरामद कर मामले का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मायके पक्ष की तहरीर पर महिला के पति समेत पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, महिला के शव को मायके में सुपुर्द-ए-खाक किया गया है।

    पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में जिला मेरठ के थाना मुंडाली क्षेत्र के गांव अजराड़ा के कादिर ने बताया कि करीब 14 साल पहले उसकी बहन गुलशन परवीन का निकाह सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव वैठ के आजाद से हुआ था। शादी के दो वर्ष बाद से बहन को पति आजाद, ससुर हकीकत, देवर शहजाद, शेर मोहम्मद और सास जायदा ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

    निकाह के बाद बहन ने पुत्री निमरा, हिबजा, अर्शी व पुत्र अर्श को जन्म दिया। प्रताड़ना से परेशान होकर बहन करीब छह माह से मायके में रह रही थी। मामले की शिकायत बहन ने मेरठ महिला थाने में की थी। करीब एक माह पहले पुलिस ने बहन व पति और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच समझौता कराया था। जिसके बाद बहन को सभी ससुराल ले गए।

    15 सितंबर की रात गुलशन परवीन संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। 16 सितंबर को आरोपितों ने इसकी जानकारी पीड़ित व उसके स्वजन को दी। 17 सितंबर को आजाद ने थाने में गुमशुदगी की दर्ज कराई थी। इसके बाद से स्वजन व पुलिस महिला की तलाश में जुटे थे। बृहस्पतिवार देर रात पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बहन के शव को गांव के बाहर जंगल में ईख के खेत के बीच बने एक कुएं से बरामद कर लिया है।

    शव बोरे में बंद था। दुपट्टे से महिला के दोनों बांधे हुए थे। मामले की जानकारी पर पीड़ित भी स्वजन संग हापुड़ पहुंचा। मामले में उसने थाने में तहरीर दी। थाना सिंभावली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी

    थाने में पति ने कबूला जुर्म

    मामले में पुलिस ने महिला के पति आजाद को गिरफ्तार किया और थाने ले गई। जहां उससे सख्ती से पूछताछ की गई। जिसमें उसने बताया कि उसे पति के किसी व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था। पत्नी उल्टा उस पर किसी महिला से अवैध संबंध होने का आरोप लगाती थी। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद चला आ रहा था। 15 सितंबर की रात उसका पत्नी से विवाद हुआ। जिसके बाद उसने पत्नी को बेरहमी से पीटा।

    इसके बाद उसे पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को बोरे में बंद कर ई-रिक्शा में रख लिया। शव को लेकर वह गांव के बाहर कुएं के पास पहुंचा। चुपचाप शव को कुएं में फेंककर वह मौके से फरार हो गया। पुलिस को उसपर शक न हो इसके लिए उसने स्वयं पत्नी के लापता होने की सूचना थाने में दी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभी अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी कर उनसे भी पूछताछ की जाएगी। ताकि, उनकी भूमिका भी स्पष्ट हो सके।

    मां की मौत से सदमे में बच्चे

    गुलशन परवीन की मौत का सदमा सबसे ज्यादा उसके चारों बच्चों को लगा है। उसके एक पुत्र व तीन पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजन, रिश्तेदार व ग्रामीण उन्हें संभालने में जुटे है। मगर, तीनों को मौत का गहरा सदमा लगा है। जिससे वह बदहवासी की हालत में हैं। उधर, गुलशन परवीन के पिता इंतजार, माता शहनाज, भाई अंसार, अंजार, इसरार, आमिर, मुजाहिद, कादिर, तालिब, बहन शाइस्ता, शाइन, खत्तो व हिना भी उसकी मौत से सदमे में है।