Hapur: पूर्व जिंप सदस्य के बेटे ने दोस्तों संग मिलकर की थी सूफियान की हत्या, ऐसे खुला कत्ल का राज
हापुड़ के सिरोधन गांव में सूफियान की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। पुरानी रंजिश के चलते पूर्व जिला पंचायत सदस्य के बेटे ने दो साथियों के साथ मिलकर बुलंदशहर के जंगल में डंडों से वार कर हत्या की थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव सिरोधन के सूफियान की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज पर्दाफाश किया है।
पुरानी रंजिश के चलते पूर्व जिंप सदस्य के पुत्र ने दो साथियों के साथ मिलकर बुलंदशहर के थाना शिकारपुर क्षेत्र के देवराला के जंगल में सूफियान की डंडों से वार कर हत्या की थी। उसके शव को ईख के खेत में फेंक दिया था।
इस मामले में पुलिस ने दो हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपितों ने हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है। वहीं, पुलिस मुख्य हत्यारोपित की तलाश कर रही है।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव सिरोधन के इसरार ने थाने में तहरीर दी थी। जिसमें उसके बताया था कि चार सितंबर को उसके पुत्र सूफियान (20 वर्षीय) को गांव का ही तुषार अपने साथ ले गया था। जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। आठ सितंबर को सूफियान का शव जिला बुलंदशहर के थाना शिकारपुर क्षेत्र के देवराला के जंगल स्थित एक ईख के खेत में क्षत विक्षत हालत में मिला था।
इस मामले में दस सितंबर को पुलिस ने गांव सिरोधन के नितिन, नीतू मनीष, अमित, गांव छज्जूपुर के प्रशांत, आशीष, जिला बुलंदशहर के थाना गुलावठी के आदर्श नगर के पवन, मोहल्ला रामनगर के आदेश व कुछ अज्ञात हत्यारोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
परिजनों ने आरोप लगाया था कि सूफियान गांव में शराब के ठेके के पास कैंटीन चलाता था। 18 अप्रैल को नितिन, मनीष, अमित, पवन, प्रशांत, आशीष और आदेश कैंटीन पर पहुंचे। उन्होंने कैंटीन से समान लिया और बिना रुपये दिए जाने लगे। रुपये मांगने पर आरोपितों ने सूफियान व उसके भाई रिहान के साथ मारपीट कर फायरिंग कर दी थी।
वहीं, गहनता से छानबीन की तो पता चला कि सूफियान उसके भाई रिहान व समीर ने मिलकर नितिन बाटा की कार को रोक लिया था। आरोपितों ने उसपर हमला कर दिया था। जिसमें वह घायल हो गया था। इस बात को लेकर नितिन बाटा, सूफियान व उसके स्वजन से रंजिश मानने लगा।
दोस्तों संग मिलकर बनाया हत्या का प्लान
बदला लेने के लिए नितिन बाटा ने गांव छज्जूपुर के अभिषेक व आशीष के साथ मिलकर सोफियान की हत्या का प्लान तैयार किया। नितिन बाटा दोनों के खर्च उठाने के साथ उन्हें हुक्का पिलाता था। दोनों उसका अहसान मानते थे। बस इस अहसान को उतारने के लिए वह हत्या को अंजाम देने के लिए तैयार हो गए। चार सितंबर को जब सूफियान अपने घर से निकला तो हत्यारोपितों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद के जोली क्षेत्र में सू्फियान को दबोच लिया। आरोपित जबरन सूफियान व उसकी बाइक को लेकर बुलंदशहर के थाना शिकारपुर क्षेत्र के देवराला के जंगल मेें ले गए। जहां हत्यारोपितों ने उसे बेरहमी से पीटा और मौत के घाट उतार दिया। उसके शव को ईख के खेत में फेंककर हत्यारोपित वहां से भाग निकले।
सर्विलांस से हुआ पर्दाफाश, दबोचे आरोपित
हत्याकांड का राजफाश करने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे व सर्विलांस की मदद ली। जिसके बाद पुलिस के शक की सुईं। नितिन बाटा व उसके दोनों साथियों पर आकर टिक गई। जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर दोनों को गांव सिरोधन बाइपास के निकट से गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद हत्यारोपितों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस नितिन बाटा की तलाश में दबिश दे रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट की उलझन में उलझी खाकी
आठ सितंबर को सूफियान का शव बरामद होने के बाद बुलंदशहर में उसके शव का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहां सूफियान की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। वहीं, चिकित्सकों ने करीब दो सप्ताह पहले हत्या होना दर्शाया था। जबकि, शव मिलने के चार दिन पहले हत्या की गई थी। सू्फियान की उम्र 20 वर्ष थी। मगर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उम्र 37 वर्ष दर्शाई गई। रिपोर्ट को देखकर काफी समय तक पुलिस उलझी रही। मगर, निरंतर कोशिश के बाद हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।