विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में भाई पर चोरी का मुकदमा दर्ज होने से भड़का युवक, विधायक के घर के बाहर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:15 PM (IST)

हापुड़ में एक युवक ने भाई पर चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज होने से क्षुब्ध होकर विधायक के घर के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया। उसने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।

HighLights

  1. युवक ने भाई पर चोरी के झूठे मुकदमे का आरोप लगाया।

  2. विधायक आवास के बाहर पेट्रोल छिड़क आत्मदाह का प्रयास।

  3. पुलिस पर मिलीभगत का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग।

केशव त्यागी, हापुड़। भाई के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज होने से क्षुब्ध एक युवक ने सदर विधायक के घर के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। युवक की इस हरकत से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्वजन और स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे रोक लिया। युवक ने चौकी अयोध्यापुरी प्रभारी पर मिलीभगत कर उसके भाई को चोरी के मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। उसने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

छत के रास्ते घर में चोरी हुई

बता दें कि थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला शिवचरणपुरा में 30 सितंबर को नीतू पत्नी कमल के घर में चोरी हुई थी। नीतू की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार, वह परिवार के साथ दुकान पर गई थीं। इसी दौरान छत के रास्ते घर में चोरी हुई।

एक अक्टूबर की सुबह घर लौटने पर संदूक का ताला टूटा मिला। संदूक में रखी तीन जोड़ी पाजेब, बच्चे के चांद-सूरज, एक जोड़ी कान के कुंडल, टूटी-फूटी चांदी और 80 हजार रुपये गायब थे। इसके अलावा 20 हजार रुपये की नकदी से भरी गुल्लक भी चोरी हो गई थी।

दरोगा पर मिलीभगत का आरोप

नीतू ने तहरीर में मोहल्ले के ही मोंटी को नामजद करते हुए चोरी का शक जताया था। इसी आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। अब मोंटी के भाई कृष्ण ने मुकदमे को फर्जी बताते हुए दरोगा पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। कृष्ण का आरोप है बुधवार रात नगर रेलवे स्टेशन से पुलिस ने उसके पिता कांछिद को पकड़कर चौकी में बंद कर दिया था।

निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की

इससे क्षुब्ध होकर बृहस्पतिवार सुबह उसने विधायक के घर के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। घटना के बाद पुलिस ने उसके पिता को चौकी से छोड़ दिया। युवक ने अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की है।

थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी। किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- हापुड़: गंगा मेले से लौट रहे युवकों ने सरेराह की तीन राउंड फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही केस दर्ज

यह भी पढ़ें- हापुड़ में वैगनआर ने रिक्शे को पीछे से मारी टक्कर, ड्राइवर की मौके पर मौत; नहीं हो सकी पहचान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।