विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़: गंगा मेले से लौट रहे युवकों ने सरेराह की तीन राउंड फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही केस दर्ज

Published: Thu, 26 Nov 2026 01:58 PM (GMT+05:30)

कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले से लौट रहे युवकों ने हापुड़ के नंगौला चौकी क्षेत्र में तीन राउंड फायरिंग की, जिससे दहशत फैल गई। 

HighLights

  1. गंगा मेले से लौटते युवकों ने की तीन राउंड फायरिंग।

  2. हापुड़ के नंगौला चौकी क्षेत्र में हुई यह घटना।

  3. वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।

केशव त्यागी, हापुड़। कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में मुख्य स्नान के बाद घर लौट रहे युवकों ने कोतवाली क्षेत्र के नंगौला चौकी क्षेत्र में तीन राउंड फायरिंग कर दी। सरेराह फायरिंग की घटना से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना 24 नवंबर की बताई जा रही है।

अब इस घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है। मामले में शुरुआत में हापुड़ और गाजियाबाद पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। अब कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में मुख्य स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक भी गंगा मेले से वापस गाजियाबाद के मोदीनगर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कोतवाली क्षेत्र के नंगौला चौकी क्षेत्र में युवकों ने अचानक तमंचे से तीन राउंड फायरिंग कर दी।

फायरिंग का वीडियो वायरल

सड़क पर अचानक गोलियां चलने से आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने फायरिंग का वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

बताया जा रहा है कि घटना कोतवाली नगर के नंगौला चौकी क्षेत्र की है। हालांकि, घटना के बाद काफी समय तक हापुड़ और गाजियाबाद पुलिस के बीच घटनास्थल को लेकर सीमा विवाद बना रहा। दोनों जनपद की पुलिस के बीच असमंजस के चलते कार्रवाई में देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फायरिंग करने वाले युवकों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

जल्द होगी आरोपितों की पहचान

एएसपी महेश कुमार ने बताया कि फायरिंग का मामला संज्ञान में आया है। कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- हापुड़ के पीरनगर सूदना में आंबेडकर प्रतिमा को किसने पहुंचाया नुकसान? ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने शुरू की जांच

यह भी पढ़ें- हापुड़ में वैगनआर ने रिक्शे को पीछे से मारी टक्कर, ड्राइवर की मौके पर मौत; नहीं हो सकी पहचान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।