विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आप जो नमकीन खा रहे हैं वो जहरीली तो नहीं? एक्सपायर बेसन से नमकीन बनाकर दिल्ली-नोएडा में सप्लाई; पेट-लीवर को खतरा

Published: Thu, 05 Nov 2026 05:36 PM (IST)

हापुड़ के धौलाना में साईं नाथ फूड्स पर छापेमारी में एक्सपायर बेसन से नमकीन बनाने और दिल्ली-नोएडा में सप्लाई का खुलासा हुआ।

एक्सपायर्ड बेसन से बन रही थी नमकीन, पड़ा छापा।

एक्सपायर्ड बेसन से बन रही थी नमकीन, पड़ा छापा।

HighLights

  1. धौलाना में एक्सपायर बेसन से नमकीन बनाने का खुलासा।

  2. 1750 किलो एक्सपायर बेसन जब्त, दिल्ली-नोएडा सप्लाई।

  3. खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने लेकर जांच को भेजे।

जागरण संवाददाता, हापुड़। दीपावली पर मिलावटखोरों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच धौलाना इंडस्ट्रियल एरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई ने चौंकाने वाला मामला उजागर किया है। यहां एक्सपायर बेसन से नमकीन तैयार कर दिल्ली-नोएडा तक सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया।

देर रात साईं नाथ फूड्स पर छापेमारी कर टीम ने करीब सवा लाख रुपये कीमत का 1750 किलोग्राम बेसन सीज कर दिया। मौके से बेसन, नमकीन और हल्दी पाउडर के तीन नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।

सवाल यह है कि एक्सपायर खाद्य सामग्री से तैयार नमकीन दो साल से लोगों की थाली तक पहुंच रही थी। इससे लोगों के पेट में संक्रमण बढ़ने और फूड प्वायजनिंग की आशंका ज्यादा रहती है।

बेसन, नमकीन और हल्दी पाउडर के नमूने इकट्ठा किए

कार्रवाई के दौरान टीम ने बेसन, नमकीन और हल्दी पाउडर के तीन नमूने भी संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

इस एक्सपायर बेसन का इस्तेमाल नमकीन बनाने में किया जा रहा था और तैयार उत्पाद की आपूर्ति दिल्ली-नोएडा के बाजारों तक की जा रही थी। यदि यह खाद्य सामग्री लंबे समय से बाजार में पहुंच रही थी तो बड़ी संख्या में लोग इसके सेवन से प्रभावित हो सकते हैं।

खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से पेट संबंधी संक्रमण और फूड प्वायजनिंग का खतरा रहता है।आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देशन में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मित्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहित कुमार, सहरीश सादात और विपिन कुमार शामिल रहे।

एक्सपायर बेसन से बने सामान खाने के संभावित नुकसान

  • फूड प्वायजनिंग: दूषित खाद्य पदार्थ खाने से उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार हो सकता है।
  • पेट में संक्रमण: हानिकारक बैक्टीरिया की मौजूदगी से आंतों में संक्रमण हो सकता है।
  • फफूंद का खतरा: नमी के कारण बेसन में फफूंद लगने पर कुछ परिस्थितियों में माइकोटॉक्सिन जैसे विषैले तत्व बन सकते हैं।
  • लिवर पर असर: कुछ प्रकार के माइकोटॉक्सिन लंबे समय तक शरीर में पहुंचने पर लिवर को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
  • पाचन संबंधी परेशानी: खराब बेसन से बनी नमकीन खाने पर पेट में ऐंठन, गैस, उल्टी और दस्त की समस्या हो सकती है।
  • एलर्जी और अन्य प्रतिक्रियाएं: फफूंद या उसके कणों से संवेदनशील लोगों में एलर्जी संबंधी परेशानी हो सकती है।

यह भी पढ़ें- सावधान! थाली का पनीर कहीं 'साबुन' तो नहीं? मुरादाबाद में डिटर्जेंट से बन रहा था नकली पनीर, 2 पर एफआईआर

यह भी पढ़ें- दीवाली पर मिठाइयां खरीदते समय सावधान! मिलावट से हो सकती है फूड पॉइजनिंग, ये लक्षण दिखते ही भागें डॉक्टर के पास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।