मौलाना हाफिज ने कितनी छात्राओं को बनाया हवस का शिकार? मोबाइल से खुलेगा पूरा राज
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में एक मदरसे में हाफिज द्वारा किशोरियों से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी हाफिज को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल जब्त कर लिया है जिससे उसके काले कारनामों का पर्दाफाश होने की उम्मीद है। हाफिज पहले भी कई लड़कियों को अपनी हवस का शिकार बना चुका है और पीड़ितों को ब्लैकमेल करता था।

संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। हाफिज की हवस के कारनामों की पोल अब उसका मोबाइल खोलेगा। पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म के आरोपित हाफिज का मोबाइल सीज कर सर्विलांस के लिए भेज दिया है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में स्थित मदरसे की किशोरियों के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित हाफिज को पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वहीं इस घटना के बाद गांव के लोग दबी जुबान कई अन्य घटनाओं को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं। चर्चाओं में यह सामने आया है कि हाफिज दबंग प्रवृति का था और सामान्यता ग्रामीण उसके खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं जुटा पाते थे।
पुलिस को उसके मोबाइल से पता चल सकेगा कि उसने कितनी अन्य लड़कियों का वीडियो अपने मोबाइल से बनाया था, जिसके आधार पर वह उनको ब्लैकमेल करता था। दुष्कर्म की शिकार किशोरी के स्वजन ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि हाफिज पहले भी छह लड़कियों को दुष्कर्म का शिकार बना हुआ है।
उसने एक किशोरी का अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित भी कर दिया था। मोबाइल से हाफिज के अन्य काले कारनामों का राज भी खुल सकता है।
पुलिस ने किशोरी के बयान भी दर्ज किए हैं। अब किशोरी के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए जाएंगे। उसमें कई अन्य जानकारी सामने की सकती हैं। दरअसल किशोरी और उसके स्वजन हाफिज के वर्चस्व के चलते भयभीत हैं। यही कारण है कि किशोरी ने समय रहते स्वजन को घटना की जानकारी नहीं दी थी।
उसने भय के चलते मदरसा जाना बस छोड़ा था। इस पर हाफिज ने किशोरी को बुलाने का प्रयास किया। उसको घर से बुलाने के लिए अन्य छात्राओं को भी भेजा गया। किशोरी के नहीं आने पर उसने दुष्कर्म और नग्न वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
मदरसा इंतजामिया कमेटी भी चिंतित
छात्रा से दुष्कर्म करने का आरोपित हाफिज मदरसे में पांच साल से तालीम दे रहा था। उसके कारनामों से अब मदरसे की छवि को धक्का लगा है। इस घटना से मदरसे की इंतजामियां कमेटी के मेंबर भी चिंतित हैं। वह उसके पांच साल के कार्यकाल की जांच करा रहे हैं।
मामले में मदरसे की छात्राओं से भी बातचीत की जा रही है। वहीं पुलिस भी मदरसे की छात्राओं के गोपनीय बयान दर्ज करने की तैयारी में है, ताकि हाफिज की हकीकत सामने आ सके और प्रभावी साक्ष्य जुटाए जा सकें। मदरसे में जाने वाली अन्य छात्राओं के स्वजन भी इस घटना से चिंतित हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि दो साल पहले भी एक किशोरी के साथ छेड़खानी के आरोप हाफिज पर लगे थे। जिसमें बड़े ही शातिर अंदाज में लोगों के सामने हाफिज ने किशोरी को झूठा करार दे दिया। इतना ही नहीं कुछ लोगों ने तो हाफिज की अभद्रता से परेशान होकर मदरसे में जाना तक बंद कर दिया था।
आरोपित हाफिज को दो साल पहले मदरसे से निकाल दिया गया था। वहीं गांव के ही कुछ संपन्न परिवारों को हाफिज ने अपने पक्ष में कर रखा था। वह इसको फिर से वापस ले आए थे।
इसी कारण गरीब एवं मजदूर तबके के लोग इसके सामने बोल नहीं पाते थे। नाम नहीं छापने की शर्त पर लोगों ने बताया कि उसके डर के कारण मदरसे में अन्य कोई मौलाना अथवा हाफिज नहीं रुक पा रहा था।
पीड़िता की मां को कहता था बहन
पीडि़ता छात्रा के स्वजन ने बताया कि हाफिज बहादुरगढ़ के एक गांव का रहने वाला है। जबकि पीड़िता की मां भी इसी गांव से कुछ दूरी पर बसे दूसरे गांव की रहने वाली थी। दोनों बगल के गांव के होने के चलते वह पीड़िता की मां को बहन कहता था तथा बच्चे भी हाफिज को मामा कहते थे। इस घटना के बाद तो पूरा परिवार स्तब्ध है।
पुलिस ने मामले में बृहस्पतिवार को ही रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को चंद घंटों बाद ही गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार को आरोपित हाफिज को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यदि कोई अन्य व्यक्ति शिकायत करता है तो उस मामले की भी जांच की जाएगी।
नीरज कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।