हापुड़ में हिस्ट्रीशीटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कूल्हे के पास लगी एक गोली; इलाके में फैली दहशत
हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में जिम से लौट रहे हिस्ट्रीशीटर अतुल त्यागी पर बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी जिससे वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के वासू गार्डन के पास स्थित जिम से स्कूटी पर घर लौट रहे हिस्ट्रीशीटर बदमाश पर बुलेट सवार दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली कूल्हे के पास लगने से वह घायल हो गया। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर हमलावर भाग गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
नगर के मोहल्ला त्यागी नगर का अतुल त्यागी कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। थाना देहात व कोतवाली में उसपर 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सोमवार शाम वह स्कूटी से थाना देहात क्षेत्र के वासू गार्डन के पास एक जिम में गया था। वहां से घर लौटते वक्त एक बाइक पर सवार दो हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोली चला दीं। इस दौरान एक गोली उसकी कूल्हे के पास लगी और वह घायल हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी बीच लोगों के शोर मचाने व एकत्रित होन जाने पर हमलावर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद थाना देहात प्रभारी विजय गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
एएसपी विनीत भटनागर व सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा भी अस्पताल पहुंच गए। इसी बीच अस्पताल में स्वजन व स्थानीय लोगों का तांता लग गया। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने दो आरोपितों के नाम पुलिस को बताए हैं। जिन पर गोली मारने का आरोप है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में बाइक पर खतरनाक स्टंट करते युवकों का वीडियो वायरल, पुलिस ने काटा 26 हजार का चालान
इस मामले में जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शिकायत के आधार पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
कुछ दिन पहले हिस्ट्रीशीटर को भेजा था जेल
26 सितंबर 2024 को दो पक्षों के बीच दिल्ली रोड स्थित सबली गेट पर लाठी डंडों से जमकर मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों ने जान से मारने की नियत से फायरिंग भी की थी। फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ था।
पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में हिस्ट्रीशीटर अतुल त्यागी समेत कई नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। तीन अप्रैल 2025 को पुलिस ने अतुल त्यागी को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया था। बाद में वह जमानत पर छूटा था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।