हापुड़ में किसान के पशुशाला में लगी भीषण आग, चार पशुओं की जिंदा जलकर मौत; परिवार में कोहराम
हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के वैठ गांव में एक किसान की पशुशाला में आग लगने से चार पशुओं की ...और पढ़ें

आग की चपेट में आने से एक गाय, दो भैंसे और एक बकरी की मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। जागरण
HighLights
हापुड़ के वैठ गांव में पशुशाला में लगी भीषण आग।
आग में एक गाय, दो भैंस और एक बकरी की जलकर मौत।
किसान असलम को लाखों का नुकसान, सहायता का आश्वासन।
सतीश शर्मा, सिंभावली (हापुड़)। थाना क्षेत्र के वैठ गांव में मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से चार पशुओं की जलकर मौत हो गई। हादसे में किसान को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आने से एक गाय, दो भैंसे और एक बकरी की मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पशुपालन विभाग, तहसील प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, वैठ गांव का असलम पुत्र मुजम्मिल खेती के साथ पशुपालन भी करते हैं। सोमवार रात उन्होंने अपने पशुओं को घर के पास बने एक कमरे में बांध दिया था। इसी कमरे में पशुओं के चारे के लिए भूसा भी रखा हुआ था। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे असलम पशुओं को चारा डालने के लिए उठे, तो कमरे से आग की लपटें निकलती दिखाई दी।
कमरे से धुआं उठता देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चारों पशु बुरी तरह झुलस चुके थे। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। अपनी आंखों के सामने पशुओं को दम तोड़ते देखकर किसान असलम फूट-फूटकर रोने लगा।
पशुओं की मौत से परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। तहसीलदार हिमांशु कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की गई है। किसान को नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।