बर्थडे पर GF से पहली मुलाकात, BF के लिए बनी आखिरी रात; होटल के बाहर गूंज उठी चीखें
हापुड़ में एनएच-09 पर राजा जी ढाबे के पास एक दर्दनाक हादसे में अजीतपाल नामक युवक की मौत हो गई। वह अपनी प्रेमिका आकांक्षा का जन्मदिन मनाने आया था तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। आकांक्षा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ के एनएच-09 पर बने राजा जी ढाबे की रौनक सोमवार की रात अपने चरम पर थी। रंग-बिरंगी लाइटें, हंसी-मजाक की गूंज, और ढाबे की मशहूर दाल तड़का की खुशबू हवा में तैर रही थी।
इस माहौल में, बुलंदशहर के फरादपुर गांव का अजीतपाल अपनी प्रेमिका आकांक्षा के साथ पहली मुलाकात का एक खास पल बिता रहा था। यह रात आकांक्षा के जन्मदिन की थी और अजीतपाल ने इसे यादगार बनाने में लगा था। मगर, चंद सेकेंड में कार से रौंदे जाने के बाद प्रेम कहानी हमेशा के लिए अधूरी रह गई।
जन्मदिन पर सोमवार रात पहली बार आकांक्षा और अजीतपाल एक दूसरे से रूबरू हुए। ढाबे के अंदर केक की मोमबत्तियों की रोशनी में, आकांक्षा की मुस्कान और अजीतपाल की प्यार भरी नजरें एक-दूसरे से टकरा रही थीं। ढाबे के कर्मचारी भी इस जोड़े की खुशी में शामिल थे। वारदात से कुछ देर पहले ही हैप्पी बर्थडे की धुन के साथ दोनों ने केक काटा था। खाना खाकर हंसी-ठिठोली की, और ढाबे के गेट के बाहर बैठ गए। जहां दोनों अपने भविष्य के सपने बुनने लगे।
तूफान की आहट और मातम की चीख
दोनों की यह खुशी का सिलसिला ज्यादा देर नहीं चला। रात करीब सवा दस बजे एक स्विफ्ट कार के चालक ने ढाबे की सीढ़ियों पर चढ़कर दोनों को रौंद दिया। वह पल इतना भयावह था कि ढाबे में मौजूद हर शख्स स्तब्ध रह गया। आकांक्षा की चीखें हवा में गूंज उठीं। प्रेमी को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखकर वह सदमे में डूब गई। कुछ ही पलों में, जन्मदिन की रौनक मातम में बदल गई। ढाबे की रंगीन लाइटें अब उदासी की गवाह बन रही थीं, और हंसी की जगह चीखों और अफरा-तफरी ने ले ली।
प्रत्यक्षदर्शियों की जुबानी
ढाबे पर मौजूद लोगों के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह चंद सेकेंड़ में ढाबे के अंदर तक जा पहुंची। अचानक कार के टकराने की एक तेज आवाज आई, और फिर सब कुछ बिखर गया। आकांक्षा अपने प्रेमी के पास खड़ी थी। उसकी चीखें अभी भी कानों में गूंज रही हैं।
बुलाने पर भी रातभर नहीं आए परिजन
वारदात के बाद आकांक्षा को गहरा सदमा लगा। पुलिस व ढाबा मालिक ने उसके परिजनों को कॉल कर घटना की जानकारी आकांक्षा के परिजनों को दी। मगर, रातभर वह नहीं आए। मंगलवार दोपहर बाद वह थाने पहुंचे और आकांक्षा को लेकर घर लौट गए। इस बात पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
तीन बहनों का इकलौता भाई था अजीतपाल
उमराव सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी दयावती है। पुत्री सीमा व प्रियंका की वह शादी कर चुका है। जबकि, सोनम अविवाहित है। तीन बहनों का अजीतपाल इकलौता भाई था। उसकी मौत से पूरे परिवार को सदमा लगा है। पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में उसके शव का अंतिम संस्कार किया गया है।
देर रात तक थाने के बाहर जमा रहे परिजन
रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए परिजन देर रात तक थाने में जमा रहे। उमराव सिंह ने बताया कि स्थानीय स्तर पर उन्होंने छानबीन की। जिसमें पता चला कि कार में जिला बुलंदशहर के हसनपुर क्षेत्र के गांव गंगेरूआ नैथला का अकरम उसका पुत्र फेज उर्फ कैफ और उसका दोस्त जिशान सवार थे। तीनों ने कुचलकर अजीतपाल को मार डाला है। तहरीर देने के बाद भी अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।