श्रद्धालुओं ने गुरु पूर्णिमा पर गंगा में लगाई आस्था की डुबकी, पुलिस की तैनाती से हाईवे पर नहीं लगा जाम
ब्रजघाट और गढ़मुक्तेश्वर में गुरु पूर्णिमा पर दो लाख से ज़्यादा श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की दान दिया और गुरुओं का सम्मान किया। हर हर गंगे के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और जाम से बचाव के लिए इंतजाम किए। भक्तों ने प्रसाद और भंडारों का आयोजन किया।

संवाद सहयोगी, ब्रजघाट (हापुड़)। तीर्थ नगरी ब्रजघाट, गढ़मुक्तेश्वर के कच्चा घाट लठीरा एवं पुष्पावती पूठ में आषाण मास की गुरु पूर्णिमा पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद लोगों ने मंदिरों में जाकर पूजा पाठ करते हुए गरीब लोगों को अन्न वस्त्र आदि का दान दिया। वहीं अपने अपने गुरुअों की चरण वंदना कर उनको सम्मानित किया।
तीर्थ नगरी ब्रजघाट सहित अन्य स्थानों पर बृहस्पतिवार को आषाण मास की गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली प्रदेश सहित नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, अमरोहा आदि जिलों से गंगा स्नान करने के लिए श्रद्धालु पहुंचे।
सुबह चार बजे से ही लोगों ने गंगा स्नान शुरू कर दिया था। हर हर गंगे, बोल गंगा मैय्या की जय के जयकारों से तीर्थ नगरी गुंजायमान हो रही थी। शंख एवं मंत्राेचार ध्वनि से आसपास में क्षेत्र में भक्ति रस का संचार हो रहा था। अनेक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद श्रीसत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण किया।
वहीं अनेक भक्तों ने अमृत परिसर, हनुमान मंदिर, चौरासी घंटा माता मंदिर, वेदांत मंदिर, राधाकृष्ण, प्राचीन गंगा मंदिर, नक्का कुंआ मंदिर, कल्याणेश्वर महादेव आदि मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना की तथा गरीब एवं असहाय लोगों को अन्न, वस्त्र एवं धन आदि का सामर्थ्य अनुसार दान दिया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भारी संख्या में पुलिस बल एवं गोताखोर तैनात किए गए थे।
चंद मिनट को छोड़ नहीं लगा जाम
पूर्णिमा को लेकर दिल्ली लखनऊ हाईवे पर लगने वाले जाम को लेकर पुलिस प्रशासन पहले ही सतर्क हो गया था। सुबह से ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी सड़कों पर पहुंच गए थे तथा वाहनों की अधिकता को देखते हुए उनको खाली पड़े प्लाटों में बनाई गई अस्थाई पार्किंग में खड़ा करा दिया गया।
प्रसाद एवं भंडारों का आयोजन
गुरु पूर्णिमा पर भक्तों द्वारा अनेक स्थानों पर अपने अपने गुरुओं की पूजा करने के बाद प्रसाद एवं भंडारों का आयोजन किया गया। कच्चा घाट लठीरा, ब्रजघाट, नक्का कुआं, पुष्पावती पूठ में प्रसाद एवं भंडारों का वितरण किया गया।
इसके अतिरिक्त गुरु पूर्णिमा पर भक्तों ने अपने अपने गुरुओं को यथा शक्ति उपहार भेट कर उनका सम्मान किया तथा आर्शीवाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिरों तथा आश्रम में भक्तों का जमावड़ा लगा रहा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।