कार्तिक पूर्णिमा मेला: गढ़मुक्तेश्वर की सड़कों का चौड़ीकरण शुरू, श्रद्धालुओं को गड्ढों और जाम से मिलेगी राहत
कार्तिक पूर्णिमा मेले से पहले गढ़मुक्तेश्वर में मुख्य मार्गों और मेला मार्ग का चौड़ीकरण व निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इससे श्रद्धालुओं का सफर आरामदायक होगा।

मेला मार्ग पर सड़क निर्माण एवं टायल्स से हो रहा चौड़ीकरण का कार्य।
HighLights
मेला मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण और टायल्स से निर्माण कार्य।
स्याना फाटक और गढ़-मेरठ मार्ग पर भी सड़क निर्माण।
श्रद्धालुओं को आरामदायक सफर, मेले में जाम की समस्या होगी कम।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा मेले से पूर्व गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में प्रवेश करने वाले मुख्य मार्गो के सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। इन सड़कों का निर्माण कार्य होने तथा मेला मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य होने से इस वर्ष श्रद्धालुओं का सफर आरामदायक होने जा रहा है। वहीं मेला मार्ग पर जाम लगने की संभावना काफी कम हो जाएगी।
गढ़मुक्तेश्वर के गंगा खादर में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले से पूर्व प्रशासन ने सड़कों के चौड़ीकरण एवं निर्माण का कार्य तेजी से शुरू कर दिया है। मेरठ, मुज्जफरनगर एवं बागपत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गढ़मुक्तेश्वर- मेरठ मार्ग के सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण होने से काफी राहत मिलेगी।
सड़क निर्माण का कार्य
वहीं, बुलंदशहर की तरफ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्याना फाटक से लेकर नगर के चौराहे तक सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। अभी तक उपरोक्त दोनों सड़कों में गहरे गड्ढे बने हुए थे। इसके कारण यहां बड़ा वाहन तो दूर दो पहिया वाहन निकालने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इसी के साथ मुख्य मेला मार्ग पर सड़क का चौड़ीकरण किया जाना था। लेकिन वहां वन विभाग द्वारा सड़क निर्माण पर आपत्ति जताई गई थी, जिसके बाद डीएम कविता मीना के आदेश पर वहां सड़क के बजाए टायल्स लगाकर सड़क को चौड़ा कराया जा रहा है।
चतुर्दशी एवं पूर्णिमा के दिन जाम
सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। बता दें कि सड़क छोटी होने के कारण चतुर्दशी एवं पूर्णिमा के दिन यहां जाम लग जाता था। चंद कदमों की दूरी तय करने में यहां लोगों को घंटों का समय लग जाता था। इस मार्ग के चौड़ीकरण होने के बाद अब यहां जाम लगने की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।
टायल्स लगाकर मेला मार्ग को चौड़ा किया जा रहा है। वहीं, गढ़- मेरठ मार्ग एवं गढ़ से स्याना फाटक तक की सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इन सड़कों का निर्माण होने से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी। मेले मेें भी सभी कार्य को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।