गढ़ गंगा मेले के रास्तों पर हुड़दंग किया तो सीधे दर्ज होगी FIR, वाहन भी होंगे सीज; DIG के सख्त आदेश
मेरठ परिक्षेत्र के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने गढ़ गंगा मेले में हुड़दंग रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। अब ...और पढ़ें

मेला क्षेत्र में अव्यवस्था हुई तो सेक्टर प्रभारी और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की भी तय होगी जवाबदेही। एआई जनरेटेड
HighLights
हुड़दंग करने वालों पर तत्काल FIR और वाहन सीज होंगे।
संबंधित सेक्टर प्रभारी और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय होगी।
डीआईजी ने सुरक्षा व कानून-व्यवस्था के लिए सख्त निर्देश दिए।
केशव त्यागी, हापुड़। गढ़ गंगा कार्तिक मेले में श्रद्धालुओं की आस्था के नाम पर हुड़दंग और अराजकता फैलाने वालों की अब खैर नहीं। मेला क्षेत्र ही नहीं, बल्कि मेले तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी।
हुड़दंग, मारपीट या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को केवल चेतावनी देकर नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर उनके वाहन भी सीज किए जाएंगे। खास बात यह है कि यदि किसी क्षेत्र में अव्यवस्था होती है तो संबंधित सेक्टर प्रभारी और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की भी जवाबदेही तय होगी।
मेरठ परिक्षेत्र के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने मंगलवार को गढ़ गंगा मेला हापुड़, मखदूमपुर मेला मेरठ और अनूपशहर गंगा मेला बुलंदशहर की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।
इन मार्गों में पर रहेगी विशेष सतर्कता
तीनों मेलों में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उन्होंने मेला क्षेत्र के साथ ही आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों, संपर्क मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
डीआईजी ने स्पष्ट किया है कि हुड़दंग अराजकता, मारपीट और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे लोगों को तत्काल चिह्नित कर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस की कार्रवाई केवल औपचारिक चेतावनी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।
ड्यूटी में लापरवाही पर पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई
डीआईजी ने सेक्टर प्रभारियों को उनके निर्धारित क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराया है। किसी भी तरह की अव्यवस्था की सूचना मिलते ही उन्हें तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी होगी। ड्यूटी प्वाइंट से गायब रहने, अनुशासनहीनता बरतने या लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आस्था और परंपरा का रखा जाए ध्यान
डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं की आस्था और पारंपरिक उत्सव का पूरा सम्मान किया जाए। मेले में विद्युत सुरक्षा और अग्निशमन के मानकों का प्रतिदिन पालन कराया जाए। गंगा तटों पर पर्याप्त नाव और गोताखोर तैनात रहें।
सभी नावों पर जीवन रक्षक जैकेट, ध्वनि विस्तारक यंत्र और टार्च की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।