गढ़ गंगा मेले में CM योगी के आने से पहले क्यों भड़का किसानों का गुस्सा? पुलिस ने रोका काफिला; कई हिरासत में
किसान यूनियन टिकैत और चीनी मिल कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गंगा मेले में आगमन से पहले अपनी ...और पढ़ें
-1794637489368_m.webp)
सीएम योगी के आने से पहले किसानों का गुस्सा भड़का। जागरण
HighLights
भाकियू और चीनी मिल कर्मचारियों का मुख्यमंत्री के आगमन से पहले प्रदर्शन।
पुलिस ने सिंभावली गेट पर प्रदर्शनकारियों को रोका, हिरासत में लिया।
कुशलपाल आर्य समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में, बाद में पुलिस से वार्ता।
सतीश शर्मा, सिंभावली (हापुड़)। कार्तिक पूर्णिमा मेले से पहले गंगा की रेती पर आयोजित होने वाले मेले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन प्रस्तावित होने की जानकारी मिलते ही भाकियू टिकैत और चीनी मिल पर धरना दे रहे कर्मचारियों में हलचल मच गई।
इसके बाद संगठन के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुशलपाल आर्य के नेतृत्व में सैकड़ों किसान और मिल कर्मचारी अपनी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने के लिए मेले की ओर कूच कर गए।
किसानों और कर्मचारियों के अचानक गढ़ की ओर रवाना होने की सूचना से पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। संगठन के पदाधिकारी और कर्मचारी वाहनों के बजाय पैदल ही गढ़ की ओर बढ़ने लगे।
इस पर पुलिस ने सिंभावली गेट पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। पुलिस ने राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुशलपाल आर्य समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया।

तैयारी नहीं हो पा रही
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुशलपाल आर्य ने कहा कि चीनी मिल नहीं चलने से क्षेत्र के किसान और मिल के कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों का गन्ना खेत में खड़ा है और अगली फसल की तैयारी नहीं हो पा रही है। क्षेत्र का किसान बर्बाद होने की कगार पर है।
ठोस कदम नहीं उठा
इस संबंध में शासन प्रशासन कोई भी ठोस कदम नहीं उठा रहा, इसलिए मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात को उठाने के लिए गढ़ गंगा मेले पर जा रहे हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने उच्चधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी समस्याओं के समाधान और मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस और संगठन के बीच वार्ता हुई।