विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM योगी के दौरे को लेकर हापुड़ में हाई अलर्ट, ब्रजघाट पर रहेंगे 1 घंटा; चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर

Published: Sat, 14 Nov 2026 09:54 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़मुक्तेश्वर ब्रजघाट आगमन से पहले सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य किले में बदल दिया गया है। पुलिस ...और पढ़ें

सीएम योगी आज हापुड़ दौरे पर आएंगे। सोशल मीडिया

सीएम योगी आज हापुड़ दौरे पर आएंगे। सोशल मीडिया

HighLights

  1. ब्रजघाट में सीएम योगी की सुरक्षा के कड़े इंतजाम।

  2. पुलिस-प्रशासन ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा घेरा बनाया।

  3. बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने की सघन जांच।

केशव त्यागी, हापुड़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पहले गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट का रेतीला मैदान सुरक्षा के अभेद्य घेरे में कैद हो गया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। ब्रजघाट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे पर खाकी का पहरा बैठा दिया गया है।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत तमाम आला अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। मंच से लेकर हेलीपैड तक बम निरोधक दस्ते ने सघन जांच की। डॉग स्क्वॉड, खुफिया इकाइयों और अन्य सुरक्षा टीमों ने भी अपना जाल फैला दिया है।

मुख्यमंत्री करीब एक घंटे तक ब्रजघाट की पावन धरा पर रहेंगे। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक रोकने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।

WhatsApp Image 2026-11-14 at 08.35.50

चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर

शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार से ही पुलिस-प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई। रेतीले मैदान में बनाए गए मंच, हेलीपैड, प्रवेश और निकास द्वार तथा आसपास के रास्तों की बारीकी से जांच की गई।

बम निरोधक दस्ते ने आधुनिक उपकरणों की मदद से मंच के नीचे, आसपास के हिस्सों और हेलीपैड तक तलाशी अभियान चलाया। डाग स्क्वायड की टीम ने भी कार्यक्रम स्थल के विभिन्न हिस्सों को खंगाला। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही संबंधित स्थानों को सुरक्षित घोषित करने की प्रक्रिया अपनाई गई।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए करीब 250 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मियों को अलग-अलग सुरक्षा घेरे और स्थानों पर तैनात किया गया है।

कार्यक्रम स्थल के मुख्य प्रवेश द्वार, हेलीपैड, मंच, पार्किंग और आसपास के रास्तों पर अलग-अलग टीमें जिम्मेदारी संभालेंगी। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। खुफिया विभाग की टीमें भी आसपास के क्षेत्र की गतिविधियों पर निगरानी रखेंगी।

WhatsApp Image 2026-11-14 at 08.35.50 (1)

बिना जांच नहीं मिलेगा प्रवेश

कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने वाले लोगों की जांच के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। प्रवेश द्वारों पर पुलिसकर्मी और सुरक्षा टीमें मुस्तैद रहेंगी। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

वहीं, प्रतिबंधित वस्तुओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा घेरे में शामिल प्रत्येक पुलिसकर्मी को निर्धारित स्थान पर मुस्तैद रहने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

हेलीपैड से मंच तक सुरक्षा का घेरा

मुख्यमंत्री के हेलीकाप्टर के उतरने के लिए बनाए गए हेलीपैड के आसपास भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक आने वाले रास्ते को सुरक्षित किया गया है।

मुख्यमंत्री के काफिले के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था नियंत्रित रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग और यातायात डायवर्जन की व्यवस्था भी लागू की जाएगी। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और चिकित्सा टीम को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा जाएगा।

डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा

जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता बरतने, निर्धारित स्थान पर मुस्तैद रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए। प्रशासन की प्राथमिकता मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।

एसपी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हेलीपैड, मंच, प्रवेश और निकास द्वार समेत सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। सभी थाना प्रभारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक बार फिर हिंदुओं को जागरूक रहने का संदेश, बोले-लगातार कम हो रहे वोटर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।