गढ़ गंगा मेले में ट्रैक्टर पर डांस और भैंसा दौड़ पड़ी भारी, पुलिस ने 15 बुग्गियां की सीज; ASP ने लगाई क्लास
गढ़ गंगा मेले में ट्रैक्टरों पर हुड़दंग और भैंसा दौड़ जैसी हरकतों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई है। एएसपी ने ...और पढ़ें
HighLights
मेले में ट्रैक्टरों पर नाचने वालों को एएसपी ने फटकारा।
भैंसा दौड़ कराने वालों की 15 बुग्गियां पुलिस ने सीज कीं।
साइलेंसर से पटाखे छोड़ने पर बाइक भी जब्त की गई।
केशव त्यागी, हापुड़। गढ़ गंगा मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग मेले की व्यवस्था बिगाड़ने से बाज नहीं आ रहे हैं।
ट्रैक्टरों की छत पर चढ़कर हुड़दंग मचाने, भैंसा दौड़ कराने और वाहनों के साइलेंसर से पटाखे छोड़ने जैसी हरकतों पर पुलिस ने अब सख्ती दिखानी शुरू कर दी है।
एएसपी महेश कुमार ने जहां ट्रैक्टरों पर मस्ती कर रहे युवाओं को कड़े अंदाज में फटकार लगाई, वहीं पुलिस ने भैंसा दौड़ कराने वालों की 15 बुग्गियां सीज कर दीं। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच कई जगह नोकझोंक भी हुई। साफ है कि मेले में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस अब कोई ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।
ट्रैक्टरों की छत बनी डांस फ्लोर
मेले में कुछ युवा ट्रैक्टरों की छत पर चढ़कर मस्ती कर रहे थे। वाहनों को डांस फ्लोर बनाकर रील बनाने और हुड़दंग करने में जुटे युवाओं की हरकत पर एएसपी महेश कुमार की नजर पड़ गई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर युवाओं को कड़ी फटकार लगाई।
सख्त अंदाज में उन्होंने स्पष्ट किया कि गढ़ गंगा मेला आस्था का आयोजन है, कोई सर्कस नहीं। यहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोबारा ऐसी हरकत करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उनके तेवर देखकर युवाओं की मस्ती का नशा उतर गया।
भैंसा दौड़ कराने वालों पर कार्रवाई, 15 बुग्गियां सीज
गढ़ चौपला पर ड्यूटी कर रहे निरीक्षक विनोद पांडेय और मुनीष प्रताप चौहान ने भैंसा दौड़ करा रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से 15 बुग्गियां सीज कर दीं। इस कार्रवाई से नाराज कुछ लोगों ने पुलिस से नोकझोंक शुरू कर दी और बुग्गियां छोड़ने की मांग करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को मौके से खदेड़ दिया। इस घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
साइलेंसर से पटाखे छोड़ने पर भाकियू कार्यकर्ताओं से नोकझोंक
गढ़ चौपला से कुछ दूरी पर निरीक्षक मनोज बालियान पुलिस टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ता वहां से गुजरे। आरोप है कि एक कार्यकर्ता बाइक के साइलेंसर से पटाखे छोड़ रहा था। पुलिस ने बाइक को सीज कर थाने भिजवा दिया। इस कार्रवाई को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस की सख्ती के बाद मामला शांत हो सका।
मेले में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच पुलिस ने हुड़दंगियों और अराजकता फैलाने वालों को साफ संदेश दिया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में
बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेले में आस्था और अनुशासन बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
-मधुवन कुमार सिंह, एसपी
यह भी पढ़ें- गढ़ गंगा मेले के रास्तों पर हुड़दंग किया तो सीधे दर्ज होगी FIR, वाहन भी होंगे सीज; DIG के सख्त आदेश
यह भी पढ़ें- गढ़ गंगा मेले में भैंसा दौड़ कराने वालों पर पुलिस का शिकंजा, देर रात कार्रवाई कर 10 बुग्गियां कीं सीज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।