गढ़ गंगा मेले के भूमि पूजन के बीच पटका न मिलने पर बिफरे BJP नेता, पंडितों को दी दक्षिणा रुकवाने की धमकी
गढ़ गंगा में कार्तिक पूर्णिमा मेले के भूमि पूजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें विधायक और जिला अधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

हापुड़ गढ़ गंगा मेला का हुआ भूमि पूजन। जागरण
HighLights
भूमि पूजन में विधायक, डीएम सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
पटका न मिलने पर भाजपा नेता ने पंडितों को धमकाया।
डीएम ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक की।
संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर(हापुड़)। गंगा खादर में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों पिछले तीन सप्ताह से अधिक समय से चल रही है। बुधवार को इस मेले के लिए भूमि पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधायक, डीएम, सीडीओ, एडीएम, पुलिस अधीक्षक, सीएमओ सहित जिला एवं तहसील स्तर के अधिकारी कर्मचारी एवं नेतागण मौजूद रहे।
द्वापर युग से लगते चले आ रहे कार्तिक पूर्णिमा मेले की भूमि पूजन का कार्यक्रम बुधवार को किया गया। पंडित गोविंद शास्त्री, विवेक शास्त्री, गगन शर्मा, माेनू शास्त्री, खिलानंद शास्त्री एवं संदीप शर्मा ने मंत्रौचार कर विधि विधान से पूजा अर्चना कराई।
मां गंगा की आरती भी हुई
इस पूजा में जिलाधिकारी कविता मीना, सीडीओ श्रुति शर्मा, एसपी मधुबन सिंह, एएसपी महेश कुमार, एडीएम संदीप कुमार, विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर हुण, पालिकाध्यक्ष राकेश बजरंगी सहित तमाम पुलिस प्रशासन के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
पूजा अर्चना के बाद मां गंगा की आरती की गई। इस कार्यक्रम के बाद डीएम एवं एसपी ने मेले की सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर अधिकारियों कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। डीएम ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय से पूर्व सभी कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन गौरव चौधरी, सुभाष प्रधान, पूर्व जिलाध्यक्ष उमेश राणा, मीना सिंह, मौजूद रहे।
पंडितों को दी धमकी
भूमि पूजन कराने वाले पंडितों द्वारा वहां मौजूद अधिकारियों एवं पदाधिकारियों को जिला पंचायत द्वारा दिए गए पटके प्रदान किए गए थे। इस दौरान काला चश्मा लगाए वहां बैठे गढ़ नगर के एक भाजपा पदाधिकारी को पंडित जन पटके समाप्त होने के कारण पटका नहीं पहना पाए।
इसी बात नाराज उक्त कार्यकर्ता ने सरेआम पंडितों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि तुम मेरी ताकत को नहीं जानते, यदि चाहूं तो तुमकों दक्षिणा नहीं देने दूंगा। इस पर पंडितों ने पटका समाप्त होने की बात कही, बावजूद इसके उक्त युवा पदाधिकारी पंडितों का अपमान करता रहा। यह बात आसपास खड़े लोगों को काफी बुरी लगी तथा वहां मौजूद लोगों में चर्चा का विषय बन गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।