यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 30, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गन्ने के खेत में काम कर रहा था किसान, आई ऐसी आवाज; पास जाकर देखा तो उड़ गए होश
हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र के जैतपुर गांव में एक किसान को गन्ने के खेत में 12 फीट लंबा अजगर मिला। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बाबूगढ़। हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव जैतपुर गांव में उस समय माहौल डरावना हो गया, जब किसान धर्मवीर सिंह, अपने ईख के खेत में काम कर रहे थे।
काम करते-करते उन्हें अचानक से अजीब सी आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने उस आवाज की तरफ देखा तो उनकी नजर एक विशालकाय अजगर पर पड़ी।
उस अजगर को देखते ही बुरी तरह डर गए। वह अजगर लगभग 12 फुट लंबा और 40 किलोग्राम वजन का था। इस दृश्य ने न केवल धर्मवीर के होश उड़ा दिए, बल्कि आसपास के अन्य किसानों में भी अफरा-तफरी मच गई।
तुरंत छोड़ दिया काम
खेत में सांप को देखते ही किसान धर्मवीर ने तुरंत काम छोड़ दिया और डर के मारे सुरक्षित दूरी बनाकर खड़ा हो गया। किसान ने बिना देर किए डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वन विभाग की टीम को बुलाया।

अजगर को पकड़ कर ले जाते वन विभाग की टीम के कर्मचारी। जागरण
वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने पेशेवर तरीके से अजगर को सुरक्षित पकड़ा। सांप को पकड़ने की प्रक्रिया में स्थानीय लोग भी उत्सुकता और डर के मिश्रित भाव के साथ यह नजारा देखते रहे।
लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह
रेस्क्यू के बाद, वन विभाग ने इस विशाल अजगर को जंगल के एक सुरक्षित क्षेत्र में छोड़ दिया, ताकि वहां वह बिना किसी खतरे के रह सके और इंसानों के लिए भी कोई जोखिम न रहे। इस घटना ने गांव में चर्चा का माहौल बना दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ईख के घने खेतों में इस तरह के जीवों का छिपना आम बात हो सकती है, लेकिन इतना बड़ा अजगर देखना वाकई हैरान करने वाला था। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
