लखनऊ की सख्ती पर 3 घंटे में शांत हुआ मामला, भीड़ भरे चौराहे पर BJP के दो नेताओं में हुई थी गाली-गलौज
हापुड़ में भाजपा विधायक और सहप्रवक्ता के बीच चौराहे पर हुई गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ गया था। भाजपा हाईकमान की सख्ती के बाद जिलाध्यक्ष नरेश तोमर ने दोनों नेताओं को बंद कमरे में बुलाकर सुलह कराई। तीन घंटे की बैठक के बाद दोनों नेता साथ मुस्कुराते हुए बाहर आए और पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

जागरण संवाददाता, हापुड़। शहर विधायक विजयपाल आढ़ती और भाजपा के जिला सह प्रवक्ता जयभगवान शर्मा उर्फ पिंटू का विवाद भाजपा हाईकमान की सख्ती की बाद रविवार को समाप्त हो गया। भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश तोमर और अन्य पदाधिकारी उनको लेकर तीन घंटे तक बंद कमरे में रहे।
उसके बाद सभी मुस्कुराते हुए बाहर आए। दरअसल विधायक और सह प्रवक्ता में शनिवार दोपहर को जमकर गाली-गलौज हुई थी, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया था। प्रवक्ता ने विधायक के खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी।
यह था मामला
शहर विधायक विजयपाल आढ़ती और भाजपा के सह प्रवक्ता जयभगवान शर्मा में शनिवार दोपहर विवाद हो गया था। पहले मोबाइल पर गाली-गलौज हुई और फिर दोनों तहसील चौराहे पर आ भिड़े। दोनों में जमकर गाली-गलौज हुई। इसके बाद जयभगवान शर्मा ने विधायक के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी।
पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं का मामला होने के चलते लखनऊ हाईकमान इसको लेकर गंभीर था। इस मामले के समाधान का जिम्मा भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश तोमर को सौंपा गया था। दरअसल दोनों में जमीन की खरीद-फरोख्त को लेकर लेनदेन का विवाद बताया जा रहा था।
बंद कमरे में दूर हुए गिले-शिकवे
रविवार दोपहर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश तोमर, विधायक विजयपाल आढ़ती और सह प्रवक्ता जयभगवान शर्मा दोनों को लेकर बंद कमरे में बैठे। इसमें वरिष्ठ भाजपा नेता प्रफुल्ल सारस्वत, पुनीत गोयल, योगेंद्र चौधरी, भाजपा के जिला प्रवक्ता सुयश वशिष्ठ, अमित सिवाल, सामाजिक कार्यकर्ता व कारोबारी संजय कृपाल उपस्थित रहे।
चर्चा है कि दोनों की लखनऊ में संगठन के एक बड़े पदाधिकारी से भी बातचीत हुई। करीब तीन घंटे चली बैठक के बाद दोनों के गिले-शिकवे दूर हुए। बाद सभी ने साथ में चाय पी और मुस्कुराते हुए बाहर आए। एक साथ मिलकर बोले, हमको पार्टी मजबूत बनानी है, कोई विवाद नहीं है।
दोनों पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। सबको साथ मिलकर चलना है। किसी बात को लेकर शनिवार को विवाद हो गया था। उसको सर्वसम्मति से समाप्त करा दिया गया है। अब कोई विवाद नहीं है। हम सभी को मिलकर पार्टी का कार्य करता है।
- नरेश तोमर - भाजपा जिलाध्यक्ष
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।