विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'सलमान खान' अब हुए संसार सिंह, हापुड़ में हिंदू बने 45 परिवार; कहा- खून में है सनातन धर्म

Published: Sun, 15 Dec 2024 08:07 AM (IST)

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में 45 परिवारों ने इस्लाम छोड़कर सनातन धर्म अपना लिया है। सलमान खान अब संसार सिंह ...और पढ़ें

तीर्थ नगरी ब्रजघाट में पुरोहित वंशावली में नाम दर्ज कराते दिल्ली के लोग। फोटो- जागरण
तीर्थ नगरी ब्रजघाट में पुरोहित वंशावली में नाम दर्ज कराते दिल्ली के लोग। फोटो- जागरण

HighLights

  1. संसार सिंह के साथ ही कुनबे के 150 लोगों ने अपनाया है गौरीशंकर गोत्र
  2. पाकिस्तान के इस्लामाबाद के हैं मूल निवासी, बंटवारे के समय आए थे दिल्ली

राममोहन शर्मा, हापुड़। विरोध और चार साल की उधेड़बुन के बाद आखिर सलमान खान और उनके कुनबे के 45 परिवारों ने इस्लाम धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपना लिया। सलमान खान ने धर्म बदलने के बाद अपना नाम संसार सिंह रख लिया है और अपने दादा का नाम रखा श्यामलाल सिंह, जिनका निधन होने पर बुधवार को ब्रजघाट में हिंदू रीति रिवाज के मुताबिक अंतिम संस्कार किया।

150 लोगों ने अपनाया है गौरीशंकर गोत्र

इसके बाद उनकी अस्थियों को प्रवाहित कर पहली बार गंगा स्नान कर खुद को शुद्ध किया और सनातन धर्म स्वीकार कर लिया। चूंकि, इन्हें अपना गोत्र पता नहीं था, इसलिए भगवान शिव एवं माता पार्वती के नाम पर गौरीशंकर गोत्र अपनाकर घर वापसी की। कहा, अब देश में हिंदुओं के हित सुरक्षित हैं और उन्हें सनातन धर्म स्वीकार करने की खुशी है।

चार साल से कर थे घर वापसी का प्रयास

दिल्ली के संसार सिंह (पूर्व में सलमान खान) ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से इस्लामाबाद (पाकिस्तान) का रहने वाला है। उनके पूर्वज हिंदू हुआ करते थे, लेकिन मुगलों ने उन्हें मुस्लिम बनने के लिए मजबूर कर दिया था। अंग्रेजों के भारत छोड़ने के बाद देश का बंटवारा हुआ तो परिवार ने भारत में रहने का निर्णय लिया और पूरा कुनबा इस्लामाबाद से आकर दिल्ली में बस गया।

इसमें अब 45 से अधिक परिवार हैं, जिनमें करीब 150 सदस्य हैं। संसार सिंह के मुताबिक सभी लोगों ने करीब चार साल पूर्व इस्लाम धर्म को छोड़कर सनातन धर्म को स्वीकार करने का निर्णय लिया था, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के चलते इनके परिवार के सदस्य इस्लाम और सनातन धर्म के बीच झूलते रहे।

हिंदू रीति रिवाज के अनुसार करेंगे संस्कार

आखिर उनके दादा ने निर्णय लिया कि परिवार के सदस्य अब हिंदू रीति रिवाज के मुताबिक ही व्रत त्योहार व अन्य संस्कार अपनाएंगे। इसके साथ ही संकल्प दिलाया कि निधन के बाद उनका अंतिम संस्कार ब्रजघाट पर करके वंशावली में नाम दर्ज कराया जाए। उनकी इच्छा के मुताबिक संसार सिंह ने उनका अंतिम संस्कार किया। इसके बाद पुरोहित अंकुर शर्मा के यहां परिवार के सदस्यों का नाम वंशावली में दर्ज कराया।

सनातन धर्म में वापसी पर कर रहे गर्व

संसार सिंह व संजू ने कहा कि हमारे पूर्वज विपरीत परिस्थितियों के चलते इस्लाम धर्म स्वीकार करने के लिए विवश हुए थे। हमारे परिवार के सदस्य कई साल से घर वापसी का सपना संजो रहे थे, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। लेकिन, अब देश में हिंदुओं के हित सुरक्षित हैं और उन्हें सनातन धर्म स्वीकार करने की खुशी है।

कहा- मुगल अत्याचार से बने थे मुस्लिम

संसार सिंह ने बताया कि उनके दादा-परदादा के खून में सनातन धर्म के ही संस्कार थे, लेकिन मुगलों के अत्याचार के चलते इस्लाम धर्म अपना लिया था। मुस्लिम में वह धोबी जाति से ताल्लुक रखते हैं। अब उन्होंने अपने परिवार के सभी सदस्यों के नाम बदल लिए हैं।

ये लोग अब संजू, सतीश, बलवान सिंह, राजेश, संजय, शशि आदि बन गए हैं। जल्द ही अपने परिवार के शेष लोगों के नाम भी दर्ज कराएंगे। इसके लिए हमने वहां के तीर्थ पुरोहित का नंबर लिया है । उनके पास समस्त नामों का डेटा भेजकर उनकी दक्षिणा भी ऑनलाइन देंगे।