SIR Campaign: महिलाओं को बड़ी राहत! वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए नहीं देनी होगी मायके की जानकारी
हमीरपुर में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत महिलाओं को ससुराल की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के ...और पढ़ें

जीजीआईसी बूथ पर मतदाता को जानकारी देते बीएलओ। जागरण
HighLights
हमीरपुर-राठ में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया गया
महिलाओं को मायके की मतदाता सूची जानकारी की आवश्यकता नहीं
पति के पते पर अब आसानी से नाम जुड़वा सकेंगी महिलाएं
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद की हमीरपुर और राठ विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार को मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने मतदाताओं से निर्धारित फार्म भरवाकर जमा कराए। अभियान का उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया को आसान बनाना रहा।
अभियान के दौरान महिलाओं और नवविवाहिताओं के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया को लेकर राहत की बात सामने आई। अब महिलाओं को ससुराल की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए मायके पक्ष की मतदाता सूची से संबंधित जानकारी जुटाने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
पहले इस प्रक्रिया में मायके की मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी की जरूरत पड़ने पर महिलाओं और बीएलओ को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नई व्यवस्था से महिलाओं और नवविवाहिताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
पात्र महिलाएं अपने पति के पते के आधार पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगी। इसके साथ ही ऐसे नए मतदाता जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है। वह भी संबंधित बीएलओ के पास निर्धारित फार्म भरकर जमा कर सकते हैं।
विशेष अभियान के दौरान मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने और पात्र नागरिकों को इसका लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। अभियान के माध्यम से मतदाताओं को सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक भी किया गया।
शहर के राजकीय बालिका इंटर कालेज में चार बीएलओ मतदाताओं के इंतजार में बैठे मिले। जिनमें गौरव नामदेव, विक्रम सिंह चौहान, शैलेंद्र कुमार व सागर साहू रहे। उनके बूथ में दस फार्म जमा हुए हैं। जिनमें नया मतदाता बनने व संशोधित के फार्म आए हैं। इसी प्रकार राजकीय इंटर कालेज में बीएलओ सुमित सचान, मुकेश, जसवंत, मृदुल कुमार व हरिनाम सिंह मौजूद पाए गए।
उन्होंने बताया कि उनके बूथ पर 13 फार्म जमा हुए हैं। बीएलओ ने बताया कि सबसे ज्यादा महिलाओं के नाम जोड़ने के फार्म आ रहे हैं। अब नया मतदाता बनने के लिए महिलाओं को अपने मायके से मतदाता सूची का डाटा नहीं देना होगा। इसलिए फार्म आ रहे हैं। नया मतदाता बनने में पहले महिलाओं को मायके से मतदाता सूची का डाटा देना पड़ता था। जिससे उन्हें परेशानी होती थी।
