विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर-हमीरपुर हाईवे के बदलेंगे हालात, दोनों तरफ 2.2 मीटर हाईवे होगा चौड़ा; बनेगा डिवाइडर

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:08 PM (IST)

कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर हादसों को रोकने के लिए एनएचएआई ने ब्लैक स्पाटों का सर्वे शुरू कर दिया है। सड़क को 2.2 मीटर चौड़ा कर डिवाइडर बनाए जाएंगे, जिससे दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

कानपुर हमीरपुर हाईवे स्थित राठ तिराहा जहां पर हाईवे चौड़ा कर बनाया जाएगा डिवाइडर। जागरण

कानपुर हमीरपुर हाईवे स्थित राठ तिराहा जहां पर हाईवे चौड़ा कर बनाया जाएगा डिवाइडर। जागरण

HighLights

  1. एनएचएआई टीम ने हाईवे के ब्लैक स्पाटों का सर्वे शुरू किया।

  2. सड़क को 2.2 मीटर चौड़ा कर डिवाइडर बनाए जाएंगे।

  3. प्रदर्शन के बाद हादसों को रोकने की कवायद तेज हुई।

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। कानपुर हमीरपुर हाईवे पर होने वाले हादसों को लेकर पूर्व में किया गया प्रदर्शन रंग ले आया है।इस हाईवे पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की टीम ने कवायद शुरू कर दी है। टीम के द्वारा हाईवे के ब्लैक स्पाटों का सर्वे किया जा रहा है। जहां पर हाईवे को चौड़ा कर डिवाइडर बनाया जाएगा। जिससे वाहनों की रफ्तार में ब्रेक लगेगा और हादसों पर लगाम लगेगी।

कानपुर हमीरपुर हाईवे पर होने वाले हादसों को लेकर बीती 21 मई को विभिन्न संगठनों ने कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया था और हाईवे को फोरलेन करने, चौड़ा करने, डिवाइडर बनाने और ब्लैक स्पाट सुधारने की मांग की थी। यह प्रदर्शन करीब तीन घंटे तक चला था और महिलाओं ने अधिकारियों के ऊपर चूड़ियां फेंककर आक्रोश व्यक्त किया था। इस प्रदर्शन के बाद हाईवे के ब्लैक स्पाटों को दुरुस्त करने की कवायद अब शुरू कर दी है।

कानपुर से लेकर महोबा तक करीब 140 किमी.लंबे इस हाईवे पर कानपुर, हमीरपुर और महोबा के उन स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है। जहां पर सबसे अधिक हादसे होते हैं और लोगों की जान जाती है। कानपुर नगर की यदि बात करें तो वहां के रमईपुर, पतारा, भदरस मोड़, आनूपुर मोड़, दुर्गा मंदिर मोड़ इस सर्वे में शामिल किए गए हैं। वहीं हमीरपुर का राठ तिराहा, नरायनपुर, सुमेरपुर, इंगोहटा, बड़ा चौराहा और छिरका मोड़ शामिल किया गया हैं।

इसके अलावा महोबा जिला के चिचारा को इसमें शामिल किया गया है। सड़क के दोनों तरफ 2.2 मीटर हाईवे को चौड़ा किया जाएगा। इसके बाद इन स्थानों पर डिवाइडर बनाए जाएंगे। ताकि हादसों पर रोक लग सके और लोगों की जान बचाई जा सके। हाईवे पर इस काम का जिम्मा जम्मू की टीआरजी इंड्रस्टीज प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है। टीम के द्वारा कानपुर नगर क्षेत्र का सर्वे कर लिया गया है और हमीरपुर के सुमेरपुर क्षेत्र में भी टीम ने भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले लिया है। जल्द ही इस पर काम शुरू होगा और हाईवे को चौड़ा कर उसमें डिवाइडर बनाए जाएंगे।

बीते वर्ष हुए हादसों पर एक नजर

कानपुर हमीरपुर हाईवे पर कुल 13 ब्लैक स्पाट हैं। बीते वर्ष जहां कुल 389 सड़क हादसों में 224 लोगों की मृत्यु हुई थी। उसमें हाईवे पर जान गंवाने वाले 42 लोग शामिल थे। वहीं इस वर्ष अभी तक कुल 243 सड़क हादसों में 144 लोगों की मौत हुई है और 216 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

 

कानपुर हमीरपुर हाईवे के ब्लैक स्पाटों को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। जिसमें हाईवे को चौड़ा करने के बाद डिवाइडर बनाया जाएगा और हादसों पर लगाम लगाने के प्रयास किए जाएंगें। जिसको लेकर सर्वे भी किया जा रहा है।
- पंकज यादव, परियोजना निदेशक, एनएचएआई कानपुर।

 

यह भी पढ़ें- यूपी के हमीरपुर में जंगल में मिला महिला का सिर कटा शव, दो से तीन दिन पुराना; साड़ी और बाल जलाए गए

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।