जागरण संवाददाता, हमीरपुर : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से इस समय दर्दनाक खबर सामने आ रही है। जिले के राठ कस्बे के चौपरा गेट के पास मुगलपुरा मोहल्ले में वृद्धा के निधन के बाद शुक्रवार को शुद्धता के दिन घर में परिजनों के लिए आंगन में खाना बनाने के दौरान घरेलू सिलेंडर लीकेज होने से आग लग गई। इस हादसे के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गयी और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। इस दौरान परिवार के सदस्यों के बीच अफरा तफरी का माहौल बना रहा। वहीं हादसे की सूचना प्रशासन को दी गई है।

हादसे में 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए

जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर कर दिया। एसडीएम ने सीएचसी पहुंच आग से झुलसे लोगों का हालचाज जाना।

रसोई गैस इस्तेमाल करते समय बरतें सावधानी

- चूल्हे को जीरो नंबर पर चलाते समय हमेशा पास में रहें।

- छह माह के अंतराल में चूल्हे की सर्विस अवश्य कराएं।

- हमेशा आइएसआइ मार्का पारदर्शी पाइप का इस्तेमाल करें।

- चूल्हा हमेशा सिलेंडर से अधिक ऊंचाई पर रखें।

-नए सिलेंडर को चेक करके लगाएं। इसके साथ ही समय-समय पर चूल्हे की सर्विस कराते रहें।

Edited By: Nirmal Pareek