बालकृष्ण राजपूत की 30 फीट लंबी मूंछ, इसके पीछे छिपी है एक अनोखी कहानी; अखिलेश यादव ने भी किया सम्मानित
हमीरपुर के बालकृष्ण राजपूत ने 30 फीट लंबी मूंछें रखकर एक अनोखी पहचान बनाई है, जिसकी प्रेरणा उन्हें 1991 में जेल में लाखन सिंह की मूंछों से मिली थी।

अपनी तीस फीट लंबी मूंछें दिखाते बरुआ गांव निवासी बालकृष्ण राजपूत (मध्य में)। जागरण
HighLights
बालकृष्ण राजपूत की 30 फीट लंबी मूंछें बनीं अनोखी पहचान।
जेल में लाखन सिंह की मूंछों से मिली थी प्रेरणा।
अखिलेश यादव ने मूंछों के लिए उन्हें किया सम्मानित।
अनुराग मिश्रा, हमीरपुर। सम्मान को ठेस पहुंची तो एक बुजुर्ग ने सबसे बड़ी मूंछें रखने की ठान ली। आज 65 वर्षीय यह बुजुर्ग करीब 30 फीट लंबी मूंछें रखकर अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। जिले ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी उनकी मूंछों की खूब तारीफ होती है। उनका कहना है कि वह मूंछों की लंबाई को लेकर रिकार्ड बनाएंगे। बीते दिनों सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी उनकी लंबी मूंछों पर उन्हें पुरस्कृत कर चुके हैं।
जेल से शुरू हुआ किस्सा
हमीरपुर के बरुआ गांव निवासी बालकृष्ण राजपूत ने 30 फीट (दोनों तरफ की) लंबी मूंछें रखकर रिकार्ड बना दिया है। करीब 35 वर्ष पहले उनकी मूंछें रखने का किस्सा भी बेहद अलग है। बालकृष्ण ने बताया कि वर्ष 1991 में जब वह जेल में बंद थे, तब उसी दौरान फूलन देवी गिरोह का लाखन सिंह भी वहां था। उसकी करीब 24 इंच लंबी मूंछें थीं। जेल में उसकी मूंछों के आगे किसी को तवज्जो नहीं मिलती थी।
एक बार एक मजिस्ट्रेट ने शिनाख्त के लिए लाखन सिंह की मूंछों का उदाहरण देते हुए ऐसा ही कोई पहचान चिह्न बताने को कहा। इस बात से मन में ठेस लगी और उन्होंने मूंछें 30 फीट लंबी कर डालीं। उन्होंने बताया कि कच्चे आंवले, शैंपू, साबुन और मट्ठा से मूंछों को धोते हैं और उनकी देखभाल करते हैं।
अखिलेश ने दिया था पुरस्कार
बीते 28 अक्टूबर को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें लखनऊ में सम्मानित किया था। नकद पुरस्कार के साथ गदा भेंट की। उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश में मूंछों को लेकर होने वाली प्रतियोगिताओं में भी वह शामिल होते हैं।
रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य
बालकृष्ण कहते हैं कि उन्हें मूंछों का शौक बचपन से ही था। जब उनकी जेल में लाखन सिंह से मुलाकात हुई थी, तब उनकी महज सात से आठ इंच मूंछें थीं और उस समय लाखन सिंह की 24 इंच की मूंछें थीं, लेकिन लाखन सिंह की मूंछों की तारीफ और उनके सम्मान को ठेस पहुंचने के बाद उन्होंने कुछ ऐसा किया कि आज उनकी तीस फीट लंबी मूंछें जिले ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाए हुए हैं। उनका कहना है कि वह पूरी जिंदगी इन मूंछों को रखेंगे और रिकॉर्ड बनाएंगे।
हर वर्ष सात से आठ इंच होती है मूंछों की बढ़ोतरी
बालकृष्ण ने बताया कि हर वर्ष करीब सात से आठ इंच मूंछों की बढ़ोत्तरी होती है। वह इन मूंछों की बड़ी देखभाल करते हैं। ताकि मूंछों को कोई नुकसान न हो और उनकी पहचान न खत्म हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।