हमीरपुर में श्याम नाले पर दो करोड़ से बनेगा लघु सेतु, पांच गांवों की 20 हजार आबादी को मिलेगा लाभ
हमीरपुर के मौदहा विकासखंड में श्याम नाले पर दो करोड़ रुपये की लागत से लघु सेतु का निर्माण होगा।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
श्याम नाले पर दो करोड़ की लागत से लघु सेतु निर्माण।
उरदना सहित पांच गांवों के 20 हजार लोगों को फायदा।
वर्षा के दौरान आवागमन की समस्या का होगा समाधान।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। मौदहा विकासखंड के उरदना गांव के पास श्याम नाले पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत से लघु सेतु का निर्माण कराया जाएगा। इसके बनने से उरदना समेत पांच गांवों की बीस हजार से अधिक आबादी को आवागमन की समस्या से निजात मिलेगी।
लंबे समय से ग्रामीणों को वर्षा के दौरान नाले में पानी बढ़ने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार किए गए प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति मिल गई है। साथ ही निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
मौदहा कस्बे को जोड़ने वाली उरदना, गुरदहा व करहिया गांव के मार्ग पर श्याम नाले में वर्तमान में रपटा बना हुआ है। कई वर्षों से वर्षा के मौसम में नाले का जलस्तर बढ़ने पर रपटे के ऊपर से पानी बहने लगता है, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है और ग्रामीणों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
कई बार पानी अधिक होने के कारण इस मार्ग में पड़ने वाले करीब पांच गांवों का संपर्क टूट जाता है, जिसमें करीब बीस हजार से अधिक की आबादी को परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने श्याम नाले पर लघु सेतु व पहुंच मार्ग के कार्य के लिए करीब दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब कार्य का रास्ता साफ हो गया है। विभागीय स्तर पर टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
ग्रामीणों की बात
श्याम नाले में लघु सेतु बनने से गांव के लोगों को वर्षा के समय निकलने में आसानी होगी। क्योंकि नाले में रपटा तो बना है लेकिन वर्षा में नाले में पानी बढ़ने से रपटे के ऊपर से पानी चलता है। इस बीच आवागमन बंद कर दिया है।
कमलेश शुक्ला, निवासी खंडेह।
नाले में पानी बढ़ने से गांव का संपर्क मौदहा कस्बे से टूट जाता है। गांव के लोग बाजार हाट करने, बीमार होने पर सीएचसी मौदहा जाते हैं। नाले में पानी बढ़ने पर लोगों को करीब तीन माह तक परेशानी होती है। पुल बनने की सूचना से वह बहुत खुश है
शकुंतला, निवासी गुरदहा।कोटश्याम नाले में पानी कम होते ही लघु सेतु का कार्य शुरू होगा। सेतु बनने से उरदना, गुरदहा, करहिया व खंडेह गांव के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। लघु सेतु कार्य पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को मौदहा कस्बे के लिए सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
अरुण कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड हमीरपुर।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।