गोरखनाथ मंदिर में सिर्फ एक बार आईं मां सावित्री देवी, 'अजय' से 'योगी' और 'सीएम' बने बेटे की नई पारी पर गर्व से भर उठा था मन
यह लेख मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के गोरखनाथ मंदिर दौरे और उनके बेटे के उत्तराधिकारी बनने पर उनके गर्व को दर्शाता है। उनके निधन पर मंदिर परिवार ने भावुक होकर श्रद्धांजलि अर्पित की और पुरानी यादें ताजा कीं।

गोरक्षपीठ का उत्तराधिकारी बनने के बाद पिता के साथ गोरखनाथ मंदिर हुआ था मां का आगमन। जागरण
HighLights
मां सावित्री देवी ने 1994 में गोरखनाथ मंदिर का दौरा किया था।
बेटे योगी आदित्यनाथ को उत्तराधिकारी बनते देख मां को गर्व हुआ।
गोरखनाथ मंदिर परिवार ने भावुक होकर मां सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन में भी मां सावित्री देवी का स्थान कुछ ऐसा ही रहा। उनके निधन की खबर से गोरखनाथ मंदिर परिसर में शोक की लहर है। मंदिर से जुड़े संतों, कर्मचारियों और प्रबंधन के लोगों की आंखें नम हैं तो मन में उनसे जुड़ी स्मृतियां भी ताजा हो रही हैं।
मंदिर प्रबंधन से पांच दशक से जुड़े द्वारिका तिवारी के जेहन में वह दिन आज भी जीवंत है, जब सावित्री देवी अपने पति आनंद सिंह बिष्ट के साथ पहली बार गोरखनाथ मंदिर आई थीं। यह अवसर उनके पुत्र के जीवन की नई भूमिका से जुड़ा था और एक मां के लिए गर्व का क्षण भी।
द्वारिका तिवारी बताते हैं कि 15 फरवरी 1994 को वसंत पंचमी के दिन एक समारोह में योगी आदित्यनाथ को गोरक्षपीठ का उत्तराधिकारी घोषित किया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर उनके माता-पिता गोरखनाथ मंदिर पहुंचे थे। वह अपने पुत्र को धर्म और समाज के प्रति समर्पित एक नई जिम्मेदारी संभालते हुए देखना चाहते थे।
दोनों का मंदिर में दो दिन का प्रवास रहा। उस समय तत्कालीन गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ ने पीठाधीश्वर आवास के निचले तल पर एक कक्ष में उनके ठहरने की व्यवस्था कराई थी। उस प्रवास के दौरान सावित्री देवी के चेहरे पर बेटे के निर्णय को लेकर संतोष और गौरव साफ झलकता दिखा था।
उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और पूरे मंदिर परिसर का भ्रमण किया। जिस पीठ की आध्यात्मिक और सामाजिक प्रतिष्ठा दूर-दूर तक थी, उससे पुत्र का जुड़ना उनके लिए विशेष प्रसन्नता का विषय था। उन्हें इस बात का गर्व था कि उनके बेटे ने व्यक्तिगत जीवन की अपेक्षाओं से ऊपर उठकर धर्म और समाज की सेवा का मार्ग चुना है।
द्वारिका तिवारी बताते हैं कि योगी आदित्यनाथ के माता-पिता ने मंदिर के संतों और कर्मचारियों से भी बड़े आत्मीय भाव से मुलाकात की थी। मंदिर का आध्यात्मिक वातावरण उन्हें काफी अच्छा लगा था। दो दिन के प्रवास के बाद दोनों लौट गए। इसके बाद सावित्री देवी फिर कभी गोरखनाथ मंदिर नहीं आईं, लेकिन मंदिर से जुड़ी उनकी वह पहली और एकमात्र यात्रा आज भी वहां के पुराने लोगों की स्मृतियों में दर्ज है।
द्वारिका तिवारी के अनुसार योगी आदित्यनाथ के मन में अपनी मां के प्रति गहरा स्नेह और सम्मान हमेशा दिखाई देता रहा। अपने बचपन के प्रसंगों का जिक्र करते समय वह अक्सर मां को याद करते थे। आज उनके निधन की सूचना के बीच मंदिर परिसर में वही स्मृतियां एक बार फिर जीवंत हो उठी हैं। जिस मां ने बेटे को नई भूमिका में देखकर गर्व महसूस किया था, उनकी याद में आज पूरा गोरखनाथ मंदिर परिवार भावुक है।
यह भी पढ़ें- मां सावित्री देवी के निधन पर भावुक हुए CM योगी, साझा किया संस्कृत श्लोक
गोरखनाथ मंदिर परिवार ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन की सूचना के बाद शुक्रवार की शाम गोरखनाथ मंदिर में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान मंदिर परिवार ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। शोकसभा में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के सदस्य रामजन्म सिंह ने कहा कि गोरखनाथ मंदिर एवं महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद से संचालित सभी संस्थाएं इस दुखद समाचार से मर्माहत हैं। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।
यह भी पढ़ें- दुनिया के लिए 'योगी', पर मां के लिए हमेशा 'अजय' रहे आदित्यनाथ
शोक संदेश के पाठ के बाद दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस दौरान मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, द्वारिका तिवारी, परिषद के उपाध्यक्ष राजेश मोहन सरकार, सदस्य डा. शैलेंद्र प्रताप सिंह, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल भूपेंद्र गोयल, डा. अनिल प्रसाद सिंह, डा. अरविंद चतुर्वेदी, वीरेन्द्र सिंह, जयप्रकाश सिंह, ओएसडी प्रखर वर्मा, विनोद सिंह, विनय गौतम, योगी रामेन्द्रनाथ, योगी लक्ष्मणनाथ, योगी धर्मेन्द्रनाथ, योगी सूरजनाथ मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।