शब्दों के बिना बहुत कुछ कह गया यह श्लोक, मां के निधन पर योगी का मौन संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के निधन पर महाभारत के एक श्लोक के माध्यम से अपनी वेदना व्यक्त की। यह श्लोक मां के सर्वोच्च स्थान और उनके प्रति अगाध प्रेम को दर्शाता है, जिसकी व्याख्या गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ने की।

अपनी मां सावित्री देवी को कंधा देते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। फोटो- एक्स
HighLights
योगी आदित्यनाथ ने मां के निधन पर महाभारत का श्लोक साझा किया।
श्लोक में मां की महत्ता को सर्वोपरि बताया गया है।
यह श्लोक महाभारत के शांति पर्व से लिया गया है।
डा. राकेश राय, गोरखपुर। मां को खोने का दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यह पीड़ा जब किसी बेटे के मन में उमड़ती है तो कभी मौन बनकर आंखों में उतर आती है तो कभी किसी श्लोक के माध्यम से अभिव्यक्त होती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के निधन के बाद इंटरनेट मीडिया पर महाभारत के एक श्लोक को साझा कर कुछ ऐसा ही किया।
उन्होंने कोई संदर्भ नहीं दिया, न ही अपनी वेदना को शब्दों में विस्तार दिया, लेकिन श्लोक की एक-एक पंक्ति ने मां के प्रति उनके अगाध प्रेम, श्रद्धा और जीवन में मां के सर्वोच्च स्थान को बयां कर दिया। उनके इस पोस्ट ने लोगों के मन में यह जानने की उत्सुकता भी जगा दी कि आखिर इस मर्मस्पर्शी श्लोक का स्रोत क्या है और इसका भावार्थ क्या है।
इस उत्सुकता को शांत करने के लिए जब गोरखपुर विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. सूर्यकांत त्रिपाठी से बात की गई गई तो उन्होंने बताया कि यह श्लोक महाभारत के शांति पर्व से लिया गया है। इसमें मां की महत्ता को सर्वोपरि बताते हुए कहा गया है-
नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः।
नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया॥
अर्थात मां के समान कोई छाया नहीं, मां के समान कोई आश्रय नहीं, मां के समान कोई रक्षक नहीं और मां के समान कोई प्रिय नहीं है। भारतीय मनीषा में मां को देवतुल्य मानते हुए ''''मातृ देवो भव'''' कहा गया है। डा. त्रिपाठी के अनुसार, इस श्लोक के पीछे महाभारत का एक भावपूर्ण प्रसंग है।
अज्ञातवास के दौरान पिता के न रहने से स्वयं को असहाय महसूस कर रहे पांडवों को युधिष्ठिर मां कुंती की महत्ता समझाते हैं। वह भाइयों को बताते हैं कि पिता की अनुपस्थिति में मां ने ही माता और पिता दोनों की भूमिका निभाकर उनकी रक्षा की है। मां ही उनका सबसे बड़ा संबल और आश्रय हैं।
यह भी पढ़ें- Explainer: गोरखपुर में नियमों को रौंदकर पाले जा रहे हाथी, हादसों के बाद खुलती है विभाग की नींद
यह प्रसंग योगी आदित्यनाथ की भावाभिव्यक्ति से एक गहरा साम्य स्थापित करता है। महाभारत में युधिष्ठिर ने मां कुंती के प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता को शब्द दिए थे, वहीं योगी ने मां के निधन के बाद उसी श्लोक के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। दोनों की अभिव्यक्ति में समय और परिस्थितियों का अंतर जरूर है, लेकिन मां के प्रति श्रद्धा, सम्मान और उसके सर्वोच्च स्थान का भाव एक जैसा है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 30 से अधिक यात्रियों की छूट गई स्पेशल ट्रेन, स्टेशन मास्टर के कमरे में हंगामा
डा. त्रिपाठी का कहना है कि आज जब भौतिक जीवन की आपाधापी में पारिवारिक संवेदनाएं कमजोर पड़ती दिखाई दे रही हैं, ऐसे समय में एक योगी की ओर से मां के प्रति इस तरह की भावाभिव्यक्ति समाज को रिश्तों के वास्तविक मूल्य का स्मरण कराती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।