गोरखपुर में 30 से अधिक यात्रियों की छूट गई स्पेशल ट्रेन, स्टेशन मास्टर के कमरे में हंगामा
गोरखपुर में 30 से अधिक यात्रियों की स्पेशल ट्रेन छूट गई, जिससे उन्होंने स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। रेलवे प्रशासन ने देवरिया में ट्रेन रोककर छूटे हुए यात्रियों को कृषक एक्सप्रेस से वहां भेजा, जिसके बाद वे अपनी यात्रा जारी रख सके।

HighLights
गोरखपुर में 30 से अधिक यात्रियों की स्पेशल ट्रेन छूटी।
यात्रियों ने स्टेशन मास्टर के कमरे तक पहुंचकर हंगामा किया।
रेलवे ने देवरिया में ट्रेन रोककर छूटे यात्रियों को भेजा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनों की घोषणा तो कर दी, लेकिन उन्हें व्यवस्थित ढंग से चला नहीं पा रहा। शनिवार को ही सुबह छह बजे 03528 नंबर की गोरखुपर-आसनसोल एक्सप्रेस से जाने वाले 30 से अधिक यात्रियों की ट्रेन ही छूट गई। सामने से ट्रेन को गुजरते हुए देख यात्री प्लेटफार्म नंबर छह पर हंगामा करने लगे। यात्री प्रदर्शन करते हुए स्टेशन मास्टर के कमरे तक पहुंच गए। इस दौरान अफरातफरी मच गई।
मौके पर पहुंचे रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों को यात्रा कराने का आश्वासन दिया तो हंगामा शांत हुआ। यात्रियों की मुश्किलों को देख रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर-आसनसोल स्पेशल को देवरिया स्टेशन पर रोक दिया। सभी यात्रियों को 15008 कृषक एक्सप्रेस से देवरिया तक भेजा गया। देवरिया में यात्री कृषक एक्सप्रेस से उतरकर स्पेशल में चढ़े तो वह आसनसोल के लिए रवाना हुई। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
जानकारों के अनुसार स्पेशल ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर छह से रवाना होना था। वह सुबह छह बजे निर्धारित समय से रवाना भी हुई। लेकिन, स्टेशन प्रबंधन की ओर से यात्रियों को इस ट्रेन के बारे में समुचित जानकारी नहीं दी गई। इसके चलते आरक्षित कन्फर्म टिकट के यात्री स्टेशन पहुंचने के बाद भी समय से निर्धारित प्लेटफार्म तक नहीं पहुंच सके और उनकी ट्रेन छूट गई।
यात्रियों का आरोप था कि, स्पेशल ट्रेन के प्लेटफार्म के संबंध में न तो उद्घोषणा की गई और न ही डिस्प्ले बोर्ड पर सूचना दिखाई गई। छोटे बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। ड्यूटी पर तैनात उदघोषक का कहना था कि उन्हें स्पेशल ट्रेन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। इस कारण डिस्प्ले और उद्घोषणा समय पर नहीं हो सकी। दरअसल, छठ पर्व बार वापसी में यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई है। न ट्रेनों का टिकट मिल रहा और न सीट मिल रही है। धक्कामुक्की जारी है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 531 करोड़ की फोरलेन सड़क जगह-जगह धंसी, अब केंद्रीय टीम करेगी जांच
मालगाड़ियों ने रोकी गोरखधाम की राह, यात्री परेशान
गोरखपुर आ रही 12556 नंबर की गोरखधाम एक्सप्रेस की राह मालगाड़ियों ने रोक दी। शनिवार को चार घंटे देर से चल रही ट्रेन डोमिनगढ़ स्टेशन पर आकर डेढ़ घंटे खड़ी हो गई। मालगाड़ियों के चलते ट्रेन गोरखपुर जंक्शन पर प्रवेश नहीं कर पा रही थी। गोरखपुर में भी प्लेटफार्म खाली नहीं थे।
ट्रेन के नहीं चलने से यात्री परेशान हो उठे और स्टेशन पर उतरकर हंगामा करने लगे। रेल लाइन और प्लेटफार्म खाली हुए तो सुबह दस की जगह दोपहर बाद ढाई बजे प्लेटफार्म सात पर पहुंची तो यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस ट्रेन के बस्ती से गोरखपुर पहुंचने में ढाई घंटे लग गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।