गोरखपुर में 531 करोड़ की फोरलेन सड़क जगह-जगह धंसी, अब केंद्रीय टीम करेगी जांच
केंद्रीय टीम जंगल कौड़िया-कालेसर फोरलेन मार्ग की गुणवत्ता की जांच करेगी, जिसका निर्माण 531 करोड़ रुपये की लागत से हुआ था। सड़क की खराब हालत के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, और टीम तय करेगी कि मरम्मत की जाए या पूरी सड़क का पुनर्निर्माण हो।

जगह-जगह टूट गई है सड़क, कई बार हो चुकी है पैचिंग। जागरण
HighLights
केंद्रीय टीम करेगी फोरलेन सड़क की गुणवत्ता जांच।
531 करोड़ की लागत से बनी सड़क की हालत खराब।
मरम्मत या पुनर्निर्माण पर टीम देगी अपनी रिपोर्ट।
संवाद सूत्र, जंगल कौड़िया, (गोरखपुर)। जंगल कौड़िया-कालेसर फोरलेन मार्ग की केंद्रीय टीम जांच करेगी। अगले सप्ताह अभियंताओं की टीम पूरी सड़क की स्थिति देखेगी। 531 करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2020 में शुरू हुई 17.66 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में गुणवत्ता का पालन न होने का लंबे समय से आरोप लग रहा है।
केंद्रीय टीम जांच करेगी कि सड़क की मरम्मत करने से काम चलेगा या पूरी सड़क फिर से बनाई जाएगी। टीम इसकी रिपोर्ट देगी। इसके बाद इस सड़क का भविष्य तय होगा। फिलहाल, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत करा रही है। सड़क से निकली सरिया को स्टेपल किया गया है ताकि यह हादसे का कारण न बन सके।
जंगल कौड़िया-कालेसर फोरलेन मार्ग पर सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जंगल कौड़िया चिउटहा जीरो प्वाइंट से कालेसर की तरफ बढ़ने पर भिटनी गांव के सामने सड़क का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह टूटकर धंस गया है। इससे सड़क में जगह-जगह गहरे और बड़े गड्ढे बन गए हैं।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि फोरलेन की बदहाली हैरान करने वाली है। सड़क का हिस्सा टूटने और धंसने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। अंधेरे में गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में अचानक सामने गड्ढा आने पर चालक वाहन से नियंत्रण खो सकता है।
इन बाईपास मार्गों से रोजाना बड़ी संख्या में ट्रक, ट्रेलर और अन्य भारी वाहनों के लगातार आवागमन के बीच सड़क पर बने गहरे गड्ढे दुर्घटना की आशंका को और बढ़ा रहे हैं। वाहन चालक ज्ञान प्रकाश सिंह का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढे बेहद खतरनाक हैं। यदि किसी भारी वाहन का पहिया अचानक गड्ढों में फंस गया तो वाहन अनियंत्रित होकर पलट सकता है।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अंकित ने कहा कि अगले सप्ताह टीम जांच के लिए आ रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बनने में हुई थी एक साल की देरी
जंगल कौड़िया-कालेसर फोरलेन का निर्माण वर्ष 2019 में पूरा कराया जाना चाहिए था लेकिन कार्यदाई संस्था की लापरवाही से काम एक साल बाद पूरा हो सका।
फैक्ट फाइल
- सड़क का नाम - जंगल कौड़िया-कालेसर फोरलेन्र
- लंबाई - 17.66 किलोमीटर
- लागत - 531 करोड़
- शुभारंभ - 26 नवंबर 2020
- शुभारंभ किया - केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने
यह भी पढ़ें- बैंड-बाजे की धुन और 300 बरातों से गुलजार हुआ गोरखपुर, मोहल्लों तक दिखा शादी का उल्लास
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।