विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बैंड-बाजे की धुन और 300 बरातों से गुलजार हुआ गोरखपुर, मोहल्लों तक दिखा शादी का उल्लास

Published: Sun, 22 Nov 2026 09:45 AM (IST)

गोरखपुर में शुभ विवाह मुहूर्त पर शनिवार शाम करीब 300 शादियां हुईं, जिससे पूरा शहर उत्सव के रंग में रंग गया। मैरिज हॉल से लेकर मोहल्लों तक बैंड-बाजे और शहनाइयों की गूंज के साथ नवदंपतियों ने सात फेरे लिए और नए रिश्तों की शुरुआत की।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. गोरखपुर में शुभ मुहूर्त पर हुईं लगभग 300 शादियां।

  2. शहर के मैरिज हॉल और मोहल्ले उत्सव में डूबे।

  3. बैंड-बाजे की धुन पर थिरके बराती, नए रिश्ते बने।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शनिवार की शाम वैवाहिक समारोहों के नाम रही। कहीं बैंड-बाजे की गूंज थी तो कहीं शहनाई की मधुर धुन। दूल्हे के स्वागत में फूल बरसाए जा रहे थे। शुभ विवाह मुहूर्त ने शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया। मैरिज हाल, होटल और मोहल्लों के खाली मैदान तक खुशियों के आंगन बन गए। हर तरफ सजावट, रोशनी और रिश्तों की गर्माहट नजर आई।

विवाह का अच्छा मुहूर्त मिलने के कारण शनिवार को शहर के लगभग सभी मैरिज हाल और होटल बुक रहे। जगह की कमी के चलते कई परिवारों ने मोहल्लों में खाली स्थानों पर भी विवाह समारोह आयोजित किए। सिविल लाइंस, गोलघर, पादरी बाजार, रुस्तमपुर, कूड़ाघाट, आर्यनगर समेत शहर के लगभग सभी मोहल्लों में शादी की रौनक छाई रही। अनुमानित तौर पर शहर ने इस दिन करीब 300 बरातों का स्वागत किया।

सड़कें भी इस उत्सव की साक्षी बनीं। बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरकते बराती दूल्हे के साथ विवाह स्थल की ओर बढ़ते दिखाई दिए। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे वाहन, घोड़ी पर सवार दूल्हे और स्वागत में खड़े परिजन हर दृश्य को यादगार बना रहे थे। कई जगह बरात के गुजरने से सड़कें कुछ देर के लिए उत्सव का रास्ता बन गईं। राहगीर भी इस उल्लास को देखकर मुस्कुराए बिना नहीं रह सके।

विवाह स्थलों पर रस्मों के बीच रिश्तों की नई शुरुआत हुई। अग्नि को साक्षी मानकर नवदंपती ने सात फेरे लिए और सात जन्मों तक साथ निभाने का संकल्प किया। इन सात फेरों में केवल दो लोगों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का मिलन भी छिपा था। मंडपों में मंगलगीत गूंजे तो बुजुर्गों ने नवदंपती को सुखी जीवन का आशीर्वाद दिया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-शामली ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे: बरेली के 68 गांवों की जमीन का सर्वे तेज, जल्द शुरू होगा अधिग्रहण

शनिवार की रात शहर ने केवल बरातों का स्वागत नहीं किया, बल्कि अनगिनत सपनों, उम्मीदों और नए रिश्तों को भी अपने उत्सव में जगह दी। देर रात तक गूंजती बैंड-बाजे की ध्वनि और जगमगाते विवाह स्थल इस बात की गवाही देते रहे कि खुशियों के ऐसे अवसर शहर की धड़कन को और जीवंत बना देते हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली में किसान की आत्महत्या: सुसाइड नोट में पूर्व कुलपति पर जमीन कब्जाने का आरोप, अंतिम संस्कार से इनकार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।