Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सीएम पर टिप्पणी करने वाला भोलेंद्र गिरफ्तार, विधायक भाई बोले- उसके कृत्य से सब लोग परेशान…मैं योगी का सच्चा सिपाही

    Updated: Mon, 01 Sep 2025 02:06 PM (IST)

    गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अशोभनीय टिप्पणी करने वाले ईंट भट्ठा मालिक भोलेंद्र पाल सिंह पर चार नए मुकदमे दर्ज हुए हैं। पिपराइच पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए भोलेंद्र को कुशीनगर के एक होटल से गिरफ्तार किया। पुलिस ने भोलेंद्र के फेसबुक पोस्ट पर टिप्पणी करने वालों को भी आरोपित बनाया है।

    Hero Image
    सीएम पर टिप्पणी करने वाला भोलेंद्र गिरफ्तार

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अशोभनीय टिप्पणी करने वाले ईंट भट्ठा मालिक भोलेंद्र पाल सिंह पर रविवार को चार नए मुकदमे दर्ज किए गए। इसमें तीन मुकदमे पूर्व चेयरमैन, उद्योगपति के बेटे, ग्रामीण विधायक के समर्थक और एक मुकदमा आबकारी निरीक्षक की तहरीर पर हुई है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तलाश में जुटी जिले की क्राइम ब्रांच व पिपराइच थाने की पुलिस ने आरोपित को देर शाम कुशीनगर जिले के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। फेसबुक पर भोलेंद्र के पोस्ट पर अशोभनीय कमेंट करने वालों को भी मुकदमे में आरोपित बनाने के साथ ही तलाश चल रही है।

    अशोभनीय टिप्पणी के मामले में चौथा केस खोराबार के राकेश सिंह ने कराया है। लालपुर टीकर निवासी राकेश ने अपनी तहरीर में बताया कि मैं अपने फेसबुक को चेक कर रहा था कि अचानक एक पोस्ट दिखा, जिसमें राजनीतिक मिथ्या जानकारी के साथ समुदायों के बीच शत्रुता व घृणा फैलाने वाली टिप्पणी पड़ी हुई थी। 

    जब उस पोस्ट की मूल टिप्पणी को देखा तो पाया कि भोलेन्द्र पाल सिंह के नाम से संतोष विक्रम सिंह व मोनू सिंह को सम्बोधित करते हुए यह टिप्पणी हमारे क्षेत्र के विधायक व प्रदेश के प्रतिष्ठित व अति-सम्मानित व्यक्ति के प्रति की गई है।

    इसके अलावा दो केस पिपराइच थाने में दर्ज हुआ है, जिसमें एक केस आबकारी के इंस्पेक्टर मनीष त्यागी ने ईंट भट्ठे पर अवैध शराब के मामले में आबकारी एक्ट में केस कराया है। 

    वहीं तीसरा केस पूर्व चेयरमैन जितेन्द्र कुमार जायसवाल ने अशोभनीय टिप्पणी के मामले में पिपराइच थाने में दर्ज कराया है। इस मामले में विधायक के भाई के अलावा संतोष विक्रम सिंह और मोनू सिंह को भी आरोपित बनाया गया है।

    चौथा मुकदमा उद्योगपति ओमप्रकाश जालान के बेटे अनुज जालान ने चिलुआताल थाने में मानहानि करने, दुष्प्रचार व सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का केस दर्ज कराया।

    शनिवार को इस मामले में गुलरिहा के महराजगंज, जमुनारा के रहने वाले भोलेंद्र पाल सिंह पर साइबर,पिपराइच व रामगढ़ताल थाने में तीन अलग-अलग केस दर्ज हुआ था।

    एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि आरोपित को पिपराइच पुलिस ने रविवार की शाम रिमांड मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया जिसे जेल भेज दिया गया। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

    पिपराइच विधायक के भाई हैं भोलेंद्र सिंह

    भोलेंद्र पाल सिंह पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक महेंद्र पाल सिंह के छोटे भाई हैं। रविवार को इस मामले में विधायक ने प्रेसवार्ता कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष से भोलेंद्र का परिवार अलग रहता है। उसके कृत्य से सब लोग परेशान हैं। यह बात रिश्तेदारों काे भी पता है। इस मामले में कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नहीं पता कि मैं योगी आदित्यनाथ महाराज का सच्चा सिपाही हूं।

    comedy show banner