Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Gorakhpur Rain: गोरखपुर में मौसम का मिजाज बदला, बारिश और आंधी से ठंड का अहसास; 10 डिग्री गिरा पारा

    Updated: Fri, 11 Apr 2025 10:05 AM (IST)

    तेज आंधी और बारिश ने गोरखपुर के मौसम में अचानक बदलाव ला दिया है। अधिकतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान भी करीब सात डिग्री नीचे आ गया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पूर्वोत्तर भारत से बिहार तक बने निम्न वायुदाब क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम में यह बदलाव आया है।

    Hero Image
    वर्षा के बाद बड़ी संख्या में लोग रामगढ़ ताल पहुंचे। संगम दूबे

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। तेजी से बढ़ती गर्मी पर बुधवार की देर रात बदले मौसम ने न केवल विराम लगा दिया बल्कि एकबारगी ठंड की वापसी का अहसास करा दिया। तेज आंधी के साथ गरज-चमक की बीच हुई वर्षा ने बीते दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान को 10 डिग्री सेल्सियस गिरा दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पूरे अप्रैल की वर्षा के आंकड़े के मुकाबले मात्र मात्र एक दिन में ढाई गुणा वर्षा का रिकार्ड बना दिया। 35 किलाेमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली आंधी वाली हवा ने शहर की व्यवस्था को बिगाड़ दिया। कहीं बिजली का पोल गिरा दिया तो कहीं पेड़ उखाड़ कर आवागमन बाधित कर दिया।

    आंकड़ों के तुलनात्मक अध्ययन से मौसम में बदलाव का आकलन स्वत: ही हो जाता है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था, जो शुक्रवार को गिरकर 26.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह सामान्य तापमान से भी 10 डिग्री कम रिकार्ड हुआ। कमोबेस ही यही स्थिति न्यूनतम तापमान की भी रही। न्यूनतम तापमान बीते दिन के मुकाबले करीब सात डिग्री नीचे आ गया।

    सुहाने मौसम का आनंद लेती युवतियां। जागरण


    इसे भी पढ़ें- यूपी में मौसम का मिजाज बदला, बारिश और तेज हवाओं ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें; पढ़िए IMD का ताजा अपडेट

    यह 25.3 से गिरकर 18.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। आर्द्रता के 90 प्रतिशत के पार चले जाने और 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा के चलते रहने के कारण लोगों को दिन और रात दोनों समय रिकार्ड तापमान से भी अधिक की ठंड का अहसास हुआ।

    मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय माैसम में बदलाव की वजह पूर्वोत्तर भारत से बिहार तक बने निम्न वायुदाब क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता को बता रहे हैं। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के सहयोग को भी मूल वजह में जोड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मात्र 24 घंटे में 28 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड हुई है, जबकि पूरे अप्रैल में वर्षा का सामान्य आंकड़ा 11 मिलीमीटर है।

    इसे भी पढ़ें- UP Weather: कानपुर से चित्रकूट तक... मौसम बदला; कहीं तेज बारिश तो कहीं ओले गिरे, किसानों को हुआ भारी नुकसान

    गोरखपुर में बारिश। जागरण


    13 अप्रैल तक चलेगा छिटपुट वर्षा का क्रम

    आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विज्ञानी अभी 13 अप्रैल तक छिटपुट वर्षा का क्रम जारी रहने का पूर्वानुमान जता रहे हैं। उनके अनुसार शुक्रवार को कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी से लेकर हल्की बौछार पड़ सकती है। 12 अप्रैल को 10 मिलीमीटर तक वर्षा के आसार है। 13 अप्रैल तक इसका प्रभाव बना रहेगा। 14 अप्रैल से मौसम फिर साफ होने लगेगा और पारा एक बार फिर चढ़ने लगेगा। गर्मी बढ़ने लगेगी। फिलहाल अगले दो दिन तक वर्षा की वायुमंडलीय परिस्थितियां बनी हुई हैं।