IRCTC ने किया बड़ा बदलाव, वंदे भारत ट्रेन में नाश्ते से गायब हो गई ये जरूरी चीज, यात्री परेशान
आईआरसीटीसी ने वंदे भारत ट्रेन में नाश्ते-भोजन के पैकेट से सैनिटाइजर और टिशू पेपर हटा दिए हैं क्योंकि यात्री कोरोना के बाद इनका उपयोग कम कर रहे थे जिससे अपव्यय हो रहा था। यात्रियों को अब हाथ धोने के लिए वाश बेसिन का उपयोग करना पड़ रहा है जिससे वे परेशान हैं। प्रबंधन ने सैनिटाइजर के दुरुपयोग को देखते हुए यह निर्णय लिया है।

प्रेम नारायण द्विवेदी, गोरखपुर। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन (आइआरसीटीसी) ने वंदे भारत ट्रेन में नाश्ते-भोजन के पैकेट से हैंड सैनिटाइजर और टिशू पेपर हटा दिया है। सामान्य से डेढ़ गुणा अधिक किराया देकर प्रीमियम क्लास की सेमीहाईस्पीड ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को हाथ साफ करने के लिए वाश बेसिन तक जाना पड़ रहा है।
आइआरसीटीसी ने यह निर्णय सैनिटाइजर और टिशू पेपर के दुरुपयोग और अपव्यय को देखते हुए लिया है। प्रबंधन का कहना है कि कोरोना संक्रमण समाप्त होने के बाद ज्यादातर यात्री इसका उपयोग नहीं कर रहे थे। यात्रियों ने इस निर्णय को गलत बताते हुए शिकायत की है।
गोरखपुर के शैलेंद्र कुमार 22549 नंबर की सेमीहाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत के कोच नंबर सी-13 में गोरखपुर से लखनऊ तक की यात्रा कर रहे थे। सुबह 06:05 बजे जैसे ही ट्रेन चली, कुछ देर बाद वेंडर चाय और नाश्ता रख गया। नाश्ते के पैकेट में हैंड सैनिटाइजर न मिलने पर उन्हें लगा कि शायद वेंडर भूल गया होगा।
लखनऊ से गोरखपुर वापसी में कोच सी-7 में उन्हें खाने के पैकेट में हैंड सैनिटाइजर नहीं मिला। शिकायत करने पर सुपरवाइजर ने बताया कि अब हैंड सैनिटाइजर और टिशू पेपर नहीं मिलेगा। शैलेंद्र ही नहीं, सैकड़ों रेल यात्री नाश्ता और खाना के पैकेट के साथ हैंड सैनिटाइजर और टिशू पेपर नहीं मिलने से परेशान हैं।
यात्रियों का कहना है कि अधिकतर लोग कुछ भी खाने से पहले हाथ जरूर साफ करते हैं। सैनिटाइजर और टिशू पेपर न मिलने से उन्हें दिक्कत हो रही है। गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत के सुपरवाइजर ने बताया कि वेंडर लगातार सैनिटाइजर के अपव्यय व दुरुपयोग की शिकायतें कर रहे रहे थे। इसके बाद प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है।
वंदे भारत ट्रेनों में हैंड सैनिटाइजर और टिशू पेपर के अपव्यय की शिकायतें मिल रही थीं। इसे मेन्यू से भी हटाया जा रहा है। एग्जीक्यूटिव क्लास में टिशू पेपर का प्रविधान है। - अजीत कुमार सिन्हा, मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक- आइआरसीटीसी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।