UP Panchayat Election: गोरखपुर में प्रधानी की बिसात पर फेसबुक पोस्ट से शह-मात का खेल, सियासी माहौल गरमाया
प्रधानी चुनाव की आहट के बीच गोरखपुर के पिपरौली ब्लॉक में फेसबुक पर ग्राम पंचायतों के आय-व्यय के अधूरे आंकड़े ...और पढ़ें

HighLights
फेसबुक पर पंचायतों के आय-व्यय के अधूरे आंकड़े प्रसारित।
चुनाव से पहले गांवों में सियासी माहौल गरमाया।
अधिकारी भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर कार्रवाई करेंगे।
संवाद सूत्र, पिपरौली, गोरखपुर। प्रधानी के चुनाव की आहट के बीच गांवों में सियासी बिसात बिछने लगी है। अभी चुनाव की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन दावेदारों ने अपने विरोधियों को घेरने के दांव-पेच आजमाने शुरू कर दिए हैं। पिपरौली ब्लाक में फेसबुक पर 'युवा शक्ति' नाम की आईडी से ग्राम पंचायतों के आय-व्यय के आंकड़े प्रसारित करना इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
पंचायत दर्पण पोर्टल के अधूरे आंकड़ों और स्क्रीनशाट को संदर्भ से काटकर इस तरह प्रसारित किया जा रहा है, मानो पंचायतों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई हो। इससे ग्राम पंचायतों के प्रशासकों में नाराजगी है तो गांवों में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
इस आइडी से पिपरौली, मल्हीपुर, खरैला, बनौड़ा, अमटौरा, जैतपुर, बांसपार, नन्दापार, खानिमपुर, छपिया, नगवां, बड़गहन, हरैया, कलानी खुर्द, कलानी बुजुर्ग, पिछौरा और देईपार समेत कई ग्राम पंचायतों के पंचायत फंड, विकास कार्यों और भुगतान से जुड़े आंकड़े पोस्ट किए गए हैं। आरोप है कि अधूरी जानकारी को इस तरह पेश किया जा रहा है कि ग्रामीणों के बीच पंचायतों में अनियमितता की धारणा बने।
हालांकि, इन पोस्टों के पीछे किसकी भूमिका है और आंकड़ों को किस मंशा से प्रसारित किया जा रहा है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में चुनाव से पहले इंटरनेट मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का यह खेल गांवों की राजनीति को गरमाने लगा है।
नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर कुछ प्रशासकों का कहना है कि पंचायतों का पूरा आय-व्यय सरकारी पोर्टल पर उपलब्ध है। ऐसे में अधूरे आंकड़े सार्वजनिक कर भ्रम फैलाना उचित नहीं है। उनका कहना है कि किसी भुगतान या विकास कार्य की वास्तविक स्थिति जानने के लिए पूरा ब्योरा और संबंधित अभिलेख देखना जरूरी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीओ पंचायत अरविंद सिंह का कहना है कि प्रसारित हो रहे आंकड़ों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों का पूरा आय-व्यय सरकारी पोर्टल पर सार्वजनिक है। जांच में भ्रामक जानकारी फैलाने की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बोले योगी आदित्यनाथ- रावण से प्रेरित हैं समाज को बांटने वाले, सनातन ही सबकी सुरक्षा
वहीं, बीडीओ सत्यकाम तोमर ने कहा कि ग्रामसभा से जुड़े तथ्यों को गलत तरीके से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने के मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें- वाहन की टक्कर से झबरेड़ा कोतवाली गाड़ी चालक पुलिसकर्मी प्रमोद कुमार की मौत
