विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में बोले योगी आदित्यनाथ- रावण से प्रेरित हैं समाज को बांटने वाले, सनातन ही सबकी सुरक्षा

Published: Tue, 20 Oct 2026 09:19 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में कहा कि समाज को बांटने वाले लोग रावण से प्रेरित हैं और दुष्प्रचार करने वाली ताकतें देश के भीतर व बाहर से प्रायोजित हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. समाज को बांटने वाले रावण से प्रेरित: मुख्यमंत्री योगी।

  2. दुष्प्रचार करने वाली ताकतें देश के बाहर से प्रायोजित हैं।

  3. सनातन धर्म सभी जातियों, संप्रदायों को सुरक्षा देता है।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज को बांटने वाले और सामाजिक एकता को तोड़ने वाले निशाचर रावण से प्रेरित हैं क्योंकि रावण भी एकता को खंडित करता था। जो लोग जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर समाज की एकता को खंडित करके भारत को कमजोर करना चाहते हैं, उनके अंदर रावण की आत्मा आ गई है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों को भारत की एकता और मजबूती से परेशानी है, वही लोग आज इसके बारे में दुष्प्रचार कर रहे हैं। दुष्प्रचार वाली ये ताकतें देश के अंदर भी हैं और भारत के बाहर से भी प्रायोजित भी।

योगी मंगलवार की शाम मानसरोवर रामलीला मैदान में श्रीश्री रामलीला समिति, आर्यनगर की ओर से आयोजित प्रभु श्रीराम के राजतिलक समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी लोगों को विजयादशमी की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज को बांटने वाली ताकतों की साजिश से जब भारत कमजोर होता है तब कोई राम जन्मभूमि या कोई कृष्ण जन्मभूमि अपमानित होती है। काशी विश्वनाथ का मंदिर अपमानित होता है। जब भारत कमजोर होता है तब कोई सोमनाथ का मंदिर तोड़ा जाता है, लूटा जाता है। जब भारत कमजोर होता है तब नारी गरिमा तार-तार होती है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इसके इतर जब भारत मजबूत होता है, तब वह 500 वर्ष पहले तोड़ी गई गरिमा को वापस पाने में समर्थ होता है और अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग भारत को कमजोर करना चाहते हैं, उन लोगों को अयोध्याधाम में त्रेतायुग का स्मरण, वहां भव्य दीपोत्सव, प्रभु श्रीराम के मंदिर का निर्माण कैसे बर्दाश्त होगा? यही कारण है कि ऐसे लोग लगातार दुष्प्रचार और भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं कि अयोध्या को कैसे अपमानित किया जाए।

उन्होंने कहा कि अयोध्या के बारे में वह लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं, जिन लोगों ने अभी तक अयोध्या में रामलला के दर्शन भी नहीं किए। जिन्होंने राम मंदिर के खिलाफ रामभक्तों पर गोलियां चलाई थीं। जिन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान रामभक्तों पर अत्याचार की पराकाष्ठा की थी, अब तो वह भी राम-राम चिल्ला रहे हैं। राम-राम की चिल्लाहट कालनेमि भी करता था। मुख्यमंत्री ने नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि बजरंगबली की तरह आपको भी आज के कालनेमियों को पहचानना होगा।

हर जाति, संप्रदाय, मजहब को सुरक्षा दे रहा सनातन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम सबको याद करना होगा कि देश है तो धर्म भी है। धर्म है तो हम सब भी हैं। कोई व्यक्ति, कोई समाज, कोई जाति, तब तक सुरक्षित नहीं है जब तक कि भारत सुरक्षित नहीं है। जब तक सनातन सुरक्षित नहीं है तब तक कोई सुरक्षित नहीं है। सनातन से ही सुरक्षा है।

उन्होंने कहा कि इस तथ्य में अगर किसी को गलतफहमी हो तो वह दुनिया के अंदर देख ले। दुनिया के अंदर मुसलमान-मुसलमान आपस में लड़ रहे हैं। उनके बीच शिया और सुन्नी के बीच विवाद होता है। कहीं कम्युनिस्ट-कम्युनिस्ट आपस में लड़ रहे हैं तो कहीं क्रिश्चियन-क्रिश्चियन लड़ रहे हैं। और, जहां आपस में नहीं लड़ रहे हैं वहां पर वहां पर इस्लाम की लड़ाई ईसाइयत से है। कम्युनिज्म की लड़ाई क्रिश्चियनिटी के खिलाफ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अकेले भारत है जो मजबूती के साथ सनातन के साए में हर जाति, हर संप्रदाय, हर मत, हर मजहब को सुरक्षा दे रहा है और बिना भेदभाव उसको समृद्धि के पथ पर भी अग्रसर कर रहा है।